देश

Gujarat Nikay Chunav Result 2026: गुजरात निकाय चुनाव में बीजेपी की आंधी, सभी 15 नगर निगमों में जीत; जानें कांग्रेस और AAP का प्रदर्शन

Gujarat Nikay Chunav Result 2026: गुजरात के स्थानीय निकाय चुनावों में बीजेपी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सभी 15 नगर निगमों पर जीत हासिल की। शहरों के साथ-साथ ग्रामीण इलाकों में भी पार्टी ने मजबूत पकड़ दिखाई।

Image

गुजरात स्थानीय चुनाव में बीजेपी आगे

Photo : PTI

Gujarat Nikay Chunav Result 2026: गुजरात में हुए स्थानीय निकाय चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बड़ी जीत हासिल की है। राज्य के सभी 15 नगर निगमों पर बीजेपी ने अपना कब्जा जमा लिया है। यह जीत पार्टी के लिए एक बड़ी राजनीतिक मजबूती के रूप में देखी जा रही है, खासकर तब जब अगले साल विधानसभा चुनाव होने वाले हैं।

इन चुनावों में नगर निगम, नगर पालिका, जिला पंचायत और तालुका पंचायत की हजारों सीटों पर मतदान हुआ था। करीब 4 करोड़ से ज्यादा मतदाताओं ने अपने वोट का इस्तेमाल किया। इसे राज्य के सबसे बड़े चुनावी अभ्यासों में से एक माना जा रहा है। अगर प्रमुख शहरों की बात करें, तो अहमदाबाद नगर निगम में बीजेपी ने 192 में से 158 सीटें जीतकर अपनी मजबूत पकड़ दिखाई। वहीं राजकोट में भी पार्टी का प्रदर्शन बेहद शानदार रहा, जहां 72 में से 65 सीटों पर बीजेपी ने जीत दर्ज की। यहां कांग्रेस को केवल 7 सीटें मिलीं, जबकि आम आदमी पार्टी खाता भी नहीं खोल सकी। मोरबी नगर निगम में तो बीजेपी ने सभी 52 सीटों पर जीत हासिल कर पूरी तरह से विपक्ष को पीछे छोड़ दिया।

ग्रामीण क्षेत्रों में भी बीजेपी का दबदबा साफ नजर आया। 34 जिला पंचायतों की कुल 1,090 सीटों में से बीजेपी ने 568 सीटें जीत लीं। वहीं कांग्रेस को 77 सीटों से संतोष करना पड़ा और बाकी सीटें अन्य उम्मीदवारों के खाते में गईं। इसी तरह 260 तालुका पंचायतों की 5,234 सीटों में से बीजेपी ने 2,397 सीटें अपने नाम कीं, जबकि कांग्रेस को 591 सीटें मिलीं। कुल मिलाकर अगर कहें तो इन चुनावों के नतीजे बताते हैं कि गुजरात में बीजेपी की पकड़ अभी भी काफी मजबूत है। यह जीत पार्टी के लिए आने वाले विधानसभा चुनावों से पहले एक बड़ा आत्मविश्वास बढ़ाने वाला संकेत मानी जा रही है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात निकाय चुनाव में भाजपा को मिली बंपर जीत के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट किया जिसमें उन्होंने लिखा, "गुजरात और भाजपा के बीच रिश्ता और भी मजबूत हुआ! पूरे राज्य में हुए महानगरपालिका, नगरपालिका, तालुका पंचायत और ज़िला पंचायत चुनावों में भारी जीत के लिए गुजरात के लोगों का शुक्रिया। लोगों ने राज्य सरकार के बेहतरीन काम को देखते हुए, अच्छे शासन की राजनीति के लिए वोट दिया है। उन्होंने इतने सालों में भाजपा की कड़ी मेहनत को आशीर्वाद दिया है। मैं गुजरात के लोगों को भरोसा दिलाता हूं कि हम आने वाले समय में और भी ज़्यादा मेहनत करेंगे और गुजरात को तरक्की की नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगे।"

सूरत नगर निगम के आए चुनाव परिणाम, 30 वार्डों में से 29 पर भाजपा का कब्जा

चुनाव में भाजपा का दबदबा शहर के कुल 30 वार्डों में से 29 पर भाजपा ने अपना कब्जा जमाया है। भाजपा के 120 उम्मीदवारों में से 115 उम्मीदवारों ने जीत हासिल कर भगवा लहराया है। वार्ड नंबर 12 में कांग्रेस के एक उम्मीदवार ने जीत दर्ज की, जिससे शहर में कांग्रेस का खाता खुला है। वार्ड नंबर 17 में आम आदमी पार्टी AAP के सभी 4 उम्मीदवारों ने जीत हासिल कर पूरी पैनल के साथ जीत दर्ज की है। सूरत में भाजपा के कार्यकर्ता ने जीत का जश्न मनाया।

गुजरात स्थानीय चुनाव नतीजे

गुजरात स्थानीय चुनाव नतीजे

शहरी इलाके BJP के मजबूत गढ़

गुजरात के शहरी इलाके लंबे समय से BJP के मजबूत गढ़ रहे हैं। अहमदाबाद और राजकोट में पिछले 20 साल से, जबकि सूरत, वडोदरा, जामनगर और भावनगर में करीब 30 साल से पार्टी का एकछत्र शासन कायम है। राजनीतिक उतार-चढ़ाव के बावजूद शहरी वोट बैंक पर BJP की पकड़ लगातार बनी हुई है। 2025 में बनी 9 नई नगरपालिकाएं पहले नगरपालिकाएं थीं, जहां 2021 में भी BJP को जीत मिली थी।

भुज नगरपालिका चुनाव: 28 सीट भाजपा, 13 कांग्रेस और 3 AIMIM के खाते में

भुज नगरपालिका चुनाव के परिणाम स्पष्ट हो गए हैं। कुल सीटों में भाजपा को 28, कांग्रेस को 13 और AIMIM को 3 सीटें मिली हैं। विभिन्न वार्डों में अलग-अलग दलों का प्रदर्शन सामने आया है। भुज के वार्ड नंबर 6 में भाजपा की पूरी पैनल विजयी रही। वहीं वार्ड नंबर 2, 3 और 5 में कांग्रेस की पूरी पैनल को जीत मिली है। इसके अलावा वार्ड नंबर 1 में 3 सीटें AIMIM और 1 सीट कांग्रेस के खाते में गई है। भुज नगरपालिका में कांग्रेस की लगातार तीसरी बार पूरी पैनल विजयी होने की स्थिति भी सामने आई है। दूसरी ओर, भाजपा के खाते में कुल 22 सीटें आईं, जिनमें से 6 सीटों पर उम्मीदवार निर्विरोध चुने गए थे।

जामनगर में जीत का जुलूस

जामनगर में स्थानीय निकाय चुनाव में जीत के बाद उम्मीदवारों का जीत का जुलूस निकाला गया। ढोल नगाड़ों के साथ उनके समर्थनो ने पटाखे फोड़ कर खुशियां मनाई। यही नहीं जीत चुके विजेताओं के ऊपर से नोटों की बरसात भी की गई।

सूरत में कांग्रेस उम्मीदवार के साथ मारपीट, BJP कार्यकर्ताओं पर आरोप

सूरत के वार्ड नंबर 18 में विवाद सामने आया। कांग्रेस के खुमानसिंह के साथ मारपीट का आरोप है। BJP कार्यकर्ताओं पर मारपीट का आरोप लगाया है। ACP की मौजूदगी में घटना होने का दावा किया गया। मामले के बाद तनाव बना हुआ है।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article