देश

गुजरात स्थानीय चुनाव नतीजे: निकाय चुनाव में बीजेपी ने लहराया परचम, AAP-कांग्रेस को दी पटखनी

Gujarat Local Body Election Result 2026: गुजरात के 2026 स्थानीय निकाय चुनावों में बीजेपी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सभी 15 नगर निगमों पर जीत हासिल की। कांग्रेस और आम आदमी पार्टी को झटका लगा।

Image

गुजरात स्थानीय चुनाव नतीजे (AI Image)

Gujarat Local Body Election Result 2026: गुजरात के 2026 स्थानीय निकाय चुनावों के लिए लगभग 9,200 सीटों पर का चुनाव परिणान आ गए हैं। 15 नगर निगमों, 84 नगर पालिकाओं, 34 जिला पंचायतों और 260 तालुका पंचायतों से वार्ड-वार और जिला-वार परिणाम घोषित हो गए हैं। अहमदाबाद, सूरत, वडोदरा, राजकोट और गांधीनगर जैसे प्रमुख निगमों में भाजपा, कांग्रेस के बीच कड़ी टक्कर मानी जा रही थी लेकिन ऐसा नहीं हुआ। आम आदमी पार्टी को भी इस चुनाव परिणाम ने झटका दिया है।

गुजरात में हुए स्थानीय निकाय चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बड़ी जीत हासिल की है। राज्य के सभी 15 नगर निगमों पर बीजेपी ने अपना कब्जा जमा लिया है। इन चुनावों में नगर निगम, नगर पालिका, जिला पंचायत और तालुका पंचायत की हजारों सीटों पर मतदान हुआ था। करीब 4 करोड़ से ज्यादा मतदाताओं ने अपने वोट का इस्तेमाल किया। इसे राज्य के सबसे बड़े चुनावी अभ्यासों में से एक माना जा रहा है। अगर प्रमुख शहरों की बात करें, तो अहमदाबाद नगर निगम में बीजेपी ने 192 में से 158 सीटें जीतकर अपनी मजबूत पकड़ दिखाई।

वहीं राजकोट में भी पार्टी का प्रदर्शन बेहद शानदार रहा, जहां 72 में से 65 सीटों पर बीजेपी ने जीत दर्ज की। यहां कांग्रेस को केवल 7 सीटें मिलीं, जबकि आम आदमी पार्टी खाता भी नहीं खोल सकी। मोरबी नगर निगम में तो बीजेपी ने सभी 52 सीटों पर जीत हासिल कर पूरी तरह से विपक्ष को पीछे छोड़ दिया।

जानिए अपडेट -

  • बीजेपी सबसे आगे - गुजरात में स्थानीय निकाय चुनावों की शुरुआती मतगणना में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी ने अपने प्रतिद्वंद्वियों पर बढ़त बना ली है और अब तक 9,200 से अधिक सीटों में से 2,531 सीटों पर जीत दर्ज की है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। राज्य निर्वाचन आयोग (एसईसी) द्वारा साझा किए गए नवीनतम आंकड़ों के अनुसार, कांग्रेस ने 385 सीटों पर जीत हासिल की है, जबकि निर्दलीय उम्मीदवारों और आम आदमी पार्टी और ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन सहित अन्य दलों ने 169 सीटें जीती हैं। प्रारंभिक रुझानों के अनुसार, भाजपा तालुका पंचायतों में 1,165 सीटों, जिला पंचायतों में 251, नगरपालिकाओं में 825 और नगर निगमों में 290 सीटों पर आगे है। कांग्रेस ने तालुका पंचायतों में 235 सीटें, जिला पंचायतों में 23, नगरपालिकाओं में 118 और नगर निगमों में 8 सीटें हासिल की हैं।
  • सूरत नगर निगम चुनाव: भाजपा ने 13 वार्डों में जीत दर्ज की, वार्ड 16 और 26 में पूरी पैनल विजयी

सूरत नगर निगम चुनाव में भाजपा ने कई वार्डों में बढ़त बनाते हुए 13 वार्डों पर कब्जा किया है। वार्ड नंबर 16 और वार्ड नंबर 26 (गोडादरा-डिंडोली) में भाजपा की पूरी पैनल विजयी रही। वार्ड नंबर 16 में विपक्ष के नेता पायल साकरिया को हार का सामना करना पड़ा। वार्ड नंबर 16 में भाजपा के उम्मीदवार संगीता परमार, रीटा पटोलिया, विक्रम देगामा और जगदीश सुतरिया ने जीत हासिल की। इसी वार्ड से सूरत नगर निगम के विपक्ष के नेता पायल साकरिया को पराजय का सामना करना पड़ा। वहीं, वार्ड नंबर 26 (गोडादरा-डिंडोली) में भी भाजपा की पूरी पैनल विजयी रही। चुनाव परिणामों में भाजपा ने कुल 13 वार्डों में जीत दर्ज की है, जिनमें वार्ड नंबर 1, 2, 3, 4, 10, 14, 15, 16, 19, 21, 24 और 26 शामिल हैं।

  • अहमदाबाद निकाय चुनाव: भारतीय जनता पार्टी 192 सीटों में से 63 सीटों पर आगे चल रही है, जबकि कांग्रेस 8 सीटों पर आगे है। एलडी इंजीनियरिंग कॉलेज और गुजरात कॉलेज सहित विभिन्न केंद्रों पर मतगणना जारी है। चुनाव प्रक्रिया को सुचारू रूप से संचालित करने और सुरक्षा बनाए रखने के लिए आधी रात से आसपास के क्षेत्रों में यातायात प्रतिबंधित कर दिया गया है। राज्य में 15 नगर निगमों, 84 नगर पालिकाओं, 34 जिला पंचायतों और 260 तालुका पंचायतों में रविवार को स्थानीय निकाय चुनाव हुए।
  • भुज नगरपालिका चुनाव: भुज नगरपालिका चुनाव के परिणाम स्पष्ट हो गए हैं। कुल सीटों में भाजपा को 28, कांग्रेस को 13 और AIMIM को 3 सीटें मिली हैं। विभिन्न वार्डों में अलग-अलग दलों का प्रदर्शन सामने आया है। भुज के वार्ड नंबर 6 में भाजपा की पूरी पैनल विजयी रही। वहीं वार्ड नंबर 2, 3 और 5 में कांग्रेस की पूरी पैनल को जीत मिली है। इसके अलावा वार्ड नंबर 1 में 3 सीटें AIMIM और 1 सीट कांग्रेस के खाते में गई है। भुज नगरपालिका में कांग्रेस की लगातार तीसरी बार पूरी पैनल विजयी होने की स्थिति भी सामने आई है। दूसरी ओर, भाजपा के खाते में कुल 22 सीटें आईं, जिनमें से 6 सीटों पर उम्मीदवार निर्विरोध चुने गए थे।
  • भरूच जिले में भाजपा ने अंकलेश्वर नगरपालिका में 36 में से 22 सीटें जीतकर बहुमत हासिल कर लिया है। कांग्रेस ने अब तक 6 सीटें जीती हैं, शेष सीटों के परिणाम की प्रतीक्षा है।
  • गुजरात में पिछले काफी वक्त पर संगठन महामंत्री की कमान संभाल रहे मनोज सोरठिया चुनाव हार गए हैं। उनके चुनाव प्रचार में दिल्ली के डिप्टी सीएम और पंजाब आप के प्रभारी मनीष सिसोदिया समेत राज्यसभा के सांसद संजय सिंह भी पहुंचे थे। सूरत में न सिर्फ मनोज सोरठिया हारे हैं बल्कि कांग्रेस नगर निगम में वापसी कर ली है। 2021 के चुनावों में आप ने सूरत से ही गुजरात में कदम रखा था।
  • 6 वोटों से हारा कांग्रेस उम्मीदवार: नवसारी नगर निगम में हुए कड़े मुकाबले में, कांग्रेस उम्मीदवार पीयूष धिम्मर वार्ड 6 से महज तीन वोटों के मामूली अंतर से हारने के बाद भावुक हो गए।
  • AAP को सबसे बड़ा झटका : आप के गुजरात महासचिव मनोज सोरथिया सूरत नगर निगम चुनाव में वार्ड 4 से हार गए हैं, जिससे पार्टी को उसके प्रमुख शहरी गढ़ों में से एक में झटका लगा है।वडोदरा नगर निगम चुनावों में वार्ड 4, 7 और 13 में भाजपा की समितियां विजयी रहीं
  • वापी नगर निगम के 12 वार्डों में भाजपा आगे चल रही है, जबकि कांग्रेस 4 वार्डों में आगे है।
  • भाजपा 575 सीटों पर आगे, कांग्रेस 50 सीटों पर आगे। ताजा रुझानों के अनुसार, सत्तारूढ़ भाजपा 575 सीटों पर आगे चल रही है, जबकि कांग्रेस 50 सीटों पर आगे है। अन्य पार्टियां 11 सीटों पर आगे हैं। गुजरात की 84 नगरपालिकाओं में कुल मिलाकर 2,624 सीटें हैं।
  • AAP ने दर्ज की जीत: आम आदमी पार्टी (आप) ने बगसारा और हलवाड़ में जीत हासिल करके चल रहे स्थानीय निकाय चुनावों में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। वहीं, मतगणना जारी रहने के साथ ही भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने दक्षिण गुजरात की कई सीटों पर बढ़त हासिल कर अपनी शुरुआती बढ़त को और मजबूत किया।
  • रिपोर्ट के अनुसार, भाजपा ने वडोदरा नगरपालिका और खेड़ा तालुका पंचायत में जीत हासिल की। भाजपा ने वडोदरा के सावली नगरपालिका के वार्ड 1 में जीत दर्ज की है। पार्टी के लिए एक और जीत में, भाजपा उम्मीदवार सोनलबेन पृथ्वीराज सिंह परमार ने खेड़ा के फागवेल तालुका पंचायत की दानादरा सीट से भी जीत हासिल की है।
  • जूनागढ़ के मालिया हाटी तालुका पंचायत में आम आदमी पार्टी (AAP) की जीत। आम आदमी पार्टी (AAP) ने जूनागढ़ के मालिया हाटी तालुका पंचायत में अपनी पहली जीत हासिल की है। पार्टी ने एक साथ तीन सीटों पर बढ़त बनाकर मजबूत शुरुआत की है।
  • हालांकि से काउंटिंग से पहले ही बीजेपी ने राज्यभर की कुल 736 सीटें निर्विरोध अपने नाम कर ली है। राज्य में कुल 736 सीटों पर निर्विरोध फैसला हो गया, जबकि 9,263 सीटों पर मतदान हुआ, जिसमें कुल 25,537 उम्मीदवार का राजनीतिक भविष्य अब ईवीएम मशीनों में कैद है।
  • कितना मतदान हुआ?

    चुनाव आयोग के अनुसार, 26 अप्रैल को हुए मतदान के बाद सभी 15 नगर निगमों में अनुमानित 55.1% प्रतिशत मतदान रहा। नगर पालिकाओं में 65.53%, जिला पंचायतों में 66.64% और तालुका पंचायतों में 67.26% मतदान हुआ।

    राज्य चुनाव आयोग के अनुसार, विभिन्न स्तरों पर मतदान में भिन्नता के बावजूद, विभिन्न शहरों में मतदान से पहले ही 736 सीटों का फैसला निर्विरोध हो गया था। इन निर्विरोध जीतों से 2021 में निर्विरोध जीती गई 220 सीटों और 2015 में मात्र 37 सीटों की तुलना में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।अहमदाबाद में नगर निगम की 48 वार्डों में फैली 190 सीटों के लिए मतदान हुआ। 38 लाख से अधिक पंजीकृत मतदाताओं ने मतदान में भाग लिया, जिनमें सैकड़ों उम्मीदवार मैदान में थे, जो शहरी चुनावी लड़ाई के व्यापक पैमाने को दर्शाता है।

    BJP का परचम

    BJP का परचम

    आम आदमी पार्टी ने चुनाव प्रचार में अपनी पूरी ताकत लगा दी थी और अधिकांश सीटों पर उम्मीदवार उतारे, वहीं भाजपा ने भी अपनी बढ़त बनाए रखने के लिए चुनावी प्रयासों को तेज किया। हालांकि मुख्य मुकाबला भाजपा और कांग्रेस के बीच होने की उम्मीद है, लेकिन कई क्षेत्रों में आम आदमी पार्टी एक विकल्प के रूप में उभर रही है।

    अहमदाबाद पुलिस कमिश्नर ने मंगलवार को एक नोटिफिकेशन जारी कर स्थानीय निकाय चुनावों के वोटों की गिनती के मद्देनजर, कई मुख्य रास्तों पर ट्रैफिक पाबंदियों और रूट बदलने की घोषणा की है। निर्देश के अनुसार, दो मुख्य गिनती केंद्रों- नवरंगपुरा में गुजरात यूनिवर्सिटी के पास LD इंजीनियरिंग कॉलेज, और एलिसब्रिज में गुजरात कॉलेज कैंपस- के आस-पास गाड़ियों की आवाजाही की अनुमति नहीं होगी। नोटिफिकेशन में कहा गया है कि गिनती की प्रक्रिया के दौरान, बताए गए रास्तों से गुजरने वाली सभी गाड़ियों पर रोक रहेगी या उनके रूट बदल दिए जाएंगे। ये पाबंदियां 27-28 अप्रैल की आधी रात से लेकर 28-29 अप्रैल की आधी रात तक लागू रहेंगी।

    Amit Mandal
    अमित कुमार मंडलauthor

    अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

    और पढ़ें
    End of Article