देश

गुजरात में आसमानी आफत: जूनागढ़ में टूटा सोमनाथ नेशनल हाईवे; भरूच में टापू बना गांव, 50 से ज्यादा का रेस्क्यू

Gujarat Flood: भारी बारिश के कारण गुजरात के कई इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति पैदा हो गई है। जूनागढ़ जिले का मांगरोल इलाका इस समय भीषण जलप्रलय का सामना कर रहा है।

Image

गुजरात में बाढ़ से कहर

Gujarat Flood: गुजरात के कई हिस्सों में मानसून काल बनकर बरस रहा है। जूनागढ़ और भरूच जिलों में मूसलाधार बारिश ने भारी तबाही मचाई है। जहां जूनागढ़ के मांगरोल में पिछले दो दिनों में रिकॉर्डतोड़ बारिश के कारण सोमनाथ नेशनल हाईवे का एक बड़ा हिस्सा टूट गया है, वहीं भरूच के वालिया में महज दो घंटे की आफत ने एक पूरे गांव को टापू में तब्दील कर दिया। दोनों ही जगहों पर प्रशासन अलर्ट पर है और युद्धस्तर पर राहत कार्य चलाए जा रहे हैं।

मांगरोल में 40 इंच बारिश से हाहाकार, हाईवे बहा

जूनागढ़ जिले का मांगरोल इलाका इस समय भीषण जलप्रलय का सामना कर रहा है। यहां महज दो दिनों के भीतर 35 से 40 इंच तक मूसलाधार बारिश दर्ज की गई है, जिससे पूरे क्षेत्र में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। मांगरोल में हुई 20 इंच की एकमुश्त भारी बारिश के दबाव को बुनियादी ढांचा झेल नहीं पाया। इसके चलते सोमनाथ नेशनल हाईवे का एक बड़ा हिस्सा ताश के पत्तों की तरह टूटकर बह गया। यह हाईवे मांगरोल से सोमनाथ और द्वारका जैसे प्रमुख धार्मिक व पर्यटन स्थलों को जोड़ता है। इसके क्षतिग्रस्त होने से यात्रियों और स्थानीय लोगों की आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई है।

उफान पर नदियां

इलाके की नोली नदी इस समय खतरे के निशान से ऊपर उफान पर बह रही है। हाईवे टूटने की खबर मिलते ही इस खौफनाक मंजर को देखने के लिए बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए, जिन्हें नियंत्रित करने में प्रशासन को मशक्कत करनी पड़ी। स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने तुरंत एक्शन लिया है। हाईवे की मरम्मत और यातायात को वैकल्पिक रास्तों से सुचारू करने का काम युद्धस्तर पर शुरू कर दिया गया है।

2 घंटे की बारिश में टापू बना सिलुडी गांव

दूसरी तरफ, भरूच जिले की वालिया तहसील से भी डराने वाली तस्वीरें सामने आई हैं। यहां महज दो घंटे की मूसलाधार बारिश ने पूरे सिलुडी गांव को जलमग्न कर दिया। अचानक हुई इस तेज बारिश के कारण गांव का संपर्क बाकी दुनिया से कट गया और वह एक टापू की तरह दिखने लगा। बाढ़ का पानी लोगों के घरों के भीतर तक घुस गया, जिससे जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया। सूचना मिलते ही राहत और बचाव दल मौके पर पहुंचे। पानी के तेज बहाव के बीच 50 से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। इस दौरान रेस्क्यू टीम ने बेहद सूझबूझ से काम लेते हुए सात स्थानीय लोगों और एक दिव्यांग बुजुर्ग को सुरक्षित बाहर निकाला।

मकानों को नुकसान

इस आपदा में गांव का एक मकान पूरी तरह ढह गया, जबकि दो अन्य मकानों की दीवारें गिरने से भारी नुकसान हुआ है। प्रशासन ने प्रभावित ग्रामीणों को स्थानीय स्कूल में बने शेल्टर होम में शिफ्ट कर दिया है। बेघर हुए ग्रामीणों ने सरकार से तत्काल आर्थिक और राहत सहायता की मांग की है। राहत की बात यह है कि ताजा रिपोर्ट के अनुसार अब गांव में पानी उतरने लगा है और स्थिति धीरे-धीरे सामान्य हो रही है।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article