पैगंबर के अपमान का बदला लेने के लिए आतंकी साजिश कर रहा था फैजान; गुजरात ATS ने किया गिरफ्तार, 'लोन वुल्फ' की तर्ज पर करता था ये काम
- Edited by: शिव शुक्ला
- Updated Jan 27, 2026, 05:53 PM IST
गिरफ्तार आरोपी की पहचान फैजान शेख के रूप में हुई है। वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले के दुंडावाला गांव का रहने वाला है और फिलहाल गुजरात के नवसारी जिले के चारपुल इलाके में रह रहा था। ATS ने उसके पास से एक पिस्तौल और छह जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
गुजरात ATS ने किया आतंकी साजिश का खुलासा।
गुजरात एंटी-टेररिस्ट स्क्वॉड (ATS) ने पैगंबर मोहम्मद के कथित ‘अपमान’ का बदला लेने के नाम पर कुछ लोगों की लक्षित हत्या की साजिश रचने वाले एक 22 वर्षीय कट्टरपंथी युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी एक दर्जी है। अधिकारियों के अनुसार वह 'लोन वुल्फ'की तरह काम कर रहा था। इसके साथ ही अधिकारियों ने आतंकी साजिश के व्यापक सबूतों का खुलासा किया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान फैजान शेख के रूप में हुई है। वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले के दुंडावाला गांव का रहने वाला है और फिलहाल गुजरात के नवसारी जिले के चारपुल इलाके में रह रहा था। ATS ने उसके पास से एक पिस्तौल और छह जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
ATS के डीआईजी सुनील जोशी ने बताया कि फैज़ान शेख अकेले ही काम करता था, लेकिन जब भी उसे किसी व्यक्ति द्वारा पैगंबर के खिलाफ टिप्पणी करने की जानकारी मिलती,तो वह अपने संपर्क में मौजूद लोगों के साथ मिलकर उस व्यक्ति की हत्या की साजिश रचता था। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि फैज़ान शेख और फरार आरोपी मोहम्मद अबू बकर ने मिलकर एक विशेष समुदाय में डर और आतंक फैलाने की योजना बनाई थी। जांच एजेंसी के अनुसार,इस साजिश का उद्देश्य लोगों को सशस्त्र विद्रोह और जिहाद के लिए उकसाना तथा जम्मू-कश्मीर और लद्दाख को भारत से अलग करने की मंशा से हिंसा भड़काना था।
जैश-ए-मोहम्मद और अल-कायदा से था प्रभावित
ATS के मुताबिक,फैजान शेख जैश-ए-मोहम्मद और अल-कायदा जैसे प्रतिबंधित आतंकी संगठनों की विचारधाराओं से प्रभावित हो चुका था। इन्हीं कट्टरपंथी विचारों के चलते उसने अवैध रूप से पिस्तौल और कारतूस हासिल किए ताकि चुने हुए लोगों की हत्या कर समाज में भय का माहौल बनाया जा सके। छापेमारी के दौरान ATS ने आरोपी के पास से 29 पन्नों की संदिग्ध सामग्री भी जब्त की है, जिसमें अरबी और उर्दू भाषा में लिखे गए ऐसे लेख और तस्वीरें शामिल हैं जो जिहाद को बढ़ावा देने और युवाओं को अल-कायदा जैसे प्रतिबंधित संगठनों से जोड़ने के उद्देश्य से तैयार की गई थीं।
फैजान शेख और अबू बकर रच रहे थे भारत सरकार के खिलाफ युद्ध छेड़ने और हिंसा भड़काने की साजिश
जांच में यह भी सामने आया है कि फैजान शेख और अबू बकर ने भारत सरकार के खिलाफ युद्ध छेड़ने और हिंसा भड़काने की साजिश रची थी। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पिछले 6-7 महीनों से व्हाट्सएप, इंस्टाग्राम और टेलीग्राम के ज़रिये अबू बकर के संपर्क में था। करीब तीन महीने पहले वह इंस्टाग्राम आईडी “al.faizangaza” के माध्यम से एक ऑनलाइन समूह से जुड़ा था।
इस समूह में उन लोगों के नाम और तस्वीरें साझा की जाती थीं, जिन पर पैगंबर के अपमान का आरोप लगाया जाता था, साथ ही उन्हें मारने के लिए उकसाया जाता था। फैजान शेख इस सामग्री को आगे दूसरों को भी भेजता था। जांच में यह भी सामने आया कि फैजeन और अबू बकर दोनों ही मौलाना मसूद अजहर और प्रतिबंधित संगठन जैश-ए-मोहम्मद को सोशल मीडिया पर फॉलो करते थे और जिहादी भाषणों व वीडियो को देखते व साझा करते थे।
छह महीने पहले खरीदे थे हथियार
ATS का दावा है कि आरोपी ने स्वीकार किया है कि उसने करीब छह महीने पहले उत्तर प्रदेश में एक अज्ञात व्यक्ति से पिस्तौल और कारतूस खरीदे थे। उसका इरादा उन लोगों की पहचान कर उनकी लक्षित हत्या करना था,जिनके बारे में वह मानता था कि उन्होंने पैगंबर का अपमान किया है।
डीआईजी जोशी ने बताया कि ATS को खुफिया सूचना मिली थी कि आरोपी उत्तर प्रदेश में कुछ चर्चित युवाओं की गोली मारकर हत्या करने की योजना बना रहा है,ताकि आतंक फैलाया जा सके। तकनीकी विश्लेषण के जरिये ATS को फैजान के संदिग्ध इंस्टाग्राम प्रोफाइल का पता चला,जिसके बाद गुप्त जांच कर उसके चारपुल इलाके में रहने की पुष्टि की गई।
मोबाइल से मिली भड़काऊ सामग्री
आरोपी के मोबाइल फोन से जैश-ए-मोहम्मद और अल-कायदा की विचारधारा का समर्थन करने वाली भड़काऊ सामग्री मिली है। इसमें लाल किले की एक तस्वीर शामिल है,जिसमें तिरंगे की जगह काला इस्लामी झंडा दिखाया गया है। इसके अलावा भारत के मानचित्र में कश्मीर को तथाकथित 'आजाद कश्मीर' के झंडे के साथ दर्शाया गया है।
मोबाइल फोन में ऐसी सामग्री भी मिली है,जिसमें लिखा है कि 'पैगंबर का अपमान करने वालों की तस्वीरें मौजूद हैं और उन्हें कुत्ते की मौत मारी जाएगी।' इसके अलावा वैश्विक मानचित्र पर काला इस्लामी झंडा,अरबी-उर्दू लेख,'हिज्ब-उत-तहरीर'लिखा हुआ कंटेंट,कई व्यक्तियों की तस्वीरें जिन पर निशान लगाकर उन्हें निशाना बताया गया है, और मोहम्मद अबू बकर के साथ हुई चैट भी बरामद की गई है। एटीएस के अनुसार,उसके फोन में आतंकी फरहतुल्लाह घोरी के भड़काऊ वीडियो, जैश-ए-मोहम्मद के प्रचार वीडियो और उर्दू में कट्टरपंथी भाषणों की ऑडियो फाइलें भी पाई गई हैं।
फैजान शेख के खिलाफ गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम)अधिनियम (UAPA), भारतीय न्याय संहिता और आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। ATS ने कहा है कि मामले की आगे की जांच जारी है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।