GST 2.0 पीएम नरेंद्र मोदी आज शाम 5 बजे देश को संबोधित करेंगे। उम्मीद जताई जा रही है कि वो सोमवार से होने वाले जीएसटी सुधारों की चर्चा देशवासियों से कर सकते हैं। हालांकि, प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने शाम को उनके संबोधन के विषय के बारे में कोई संकेत नहीं दिया।
पीएमओ ने ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज शाम पांच बजे राष्ट्र को संबोधित करेंगे।’’ उनका यह संबोधन नवरात्रि की पूर्व संध्या पर होगा। नवरात्रि के पहले दिन से जीएसटी दरों में कटौती लागू होगी और इससे बड़ी संख्या में उत्पादों की कीमतों में कमी आने की संभावना है।
पीएम मोदी ने पहले भी राष्ट्र को संबोधित करते हुए बड़ी घोषणाएं की हैं, जैसे 2016 में नोटबंदी या 2019 में भारत द्वारा ‘उपग्रह विध्वंसक प्रक्षेपास्त्र’ का सफल परीक्षण शामिल है। इस परीक्षण से भारत इस तरह की क्षमता रखने वाले विशिष्ट देशों के समूह में शामिल हो गया था।
उन्होंने 2020 में कोविड-19 के प्रकोप के बाद भी अपने संबोधनों के माध्यम से लोगों से सीधे संपर्क किया, उन्हें लॉकडाउन के बारे में जानकारी दी, सुझाव दिए या देश और दुनिया को प्रभावित करने वाले सबसे गंभीर स्वास्थ्य संकटों में से एक से निपटने के लिए सरकार के उपायों पर प्रकाश डाला।
बता दें कि नवरात्रि के पहले दिन यानी 22 सितंबर से नई जीएसटी स्लैब की दरें देशभर में लागू हो जाएगी। सरकार इसे जीएसटी 2.0 बता रही है। बता दें कि 22 सितंबर से कई उत्पादें पर जीएसटी की दरें कम हो जाएगी।
आम आदमी को मिली जीएसटी 2.0 का फायदा: सरकार
केंद्र सरकार ने इनकम टैक्स में राहत देने के बाद इनडायरेक्ट टैक्स व्यवस्था में भी सबसे बड़ा सुधार करते हुए ‘जीएसटी 2.0’ लागू करने का फैसला लिया है। इस रिफॉर्म का सबसे बड़ा फायदा आम आदमी को मिलता दिख रहा है। पहले जहां रोजमर्रा की वस्तुओं पर जहां 12 या 18 प्रतिशत तक टैक्स देना पड़ता था अब वे पांच प्रतिशत या जीरो टैक्स के दायरे में आ गई हैं।
मोदी सरकार ने खाद्य पदार्थों में सीधी राहत दी है। पैकेज्ड पनीर जैसी चीजें अब पहले से सस्ती होंगी। जीवनरक्षक दवाएं और कैंसर, हृदय रोग जैसी गंभीर बीमारियों की दवाएं जीएसटी मुक्त कर दी गई हैं। स्वास्थ्य बीमा प्रीमियम को भी टैक्स से बाहर करने का फैसला हुआ है।
घरेलू उपकरण जैसे टीवी, एसी जैसी रोजमर्रा की बड़ी जरूरतें 28 से घटकर 18 प्रतिशत जीएसटी के दायरे में आ गई हैं। हालांकि, सिगरेट, शराब जैसी अन्य विलासिता की चीजों को 40 फीसदी जीएसटी स्लैब में रखा है।
इन चीजों के दाम होंगी सस्ती
घी, पनीर, मक्खन, नमकीन, केचप, जैम, सूखे मेवे, कॉफी और आइसक्रीम जैसी आम इस्तेमाल की चीजें और टीवी, एयर कंडीशनर (एसी), वॉशिंग मशीन जैसे महंगे उत्पाद भी सस्ते हो जाएंगे।
अधिकांश दवाओं और फॉर्मूलेशन और ग्लूकोमीटर और डायग्नॉस्टिक किट जैसे मेडिकल उपकरणों पर जीएसटी दर को घटाकर पांच प्रतिशत कर दिया गया है, जिससे आम आदमी को दवाएं सस्ती मिलेंगी।
कार भी होगी सस्ती
जीएसटी दर में कटौती से सबसे बड़ा फायदा वाहन खरीदारों को होगा, क्योंकि छोटी और बड़ी कारों पर कर दरें क्रमशः 18 प्रतिशत और 28 प्रतिशत कर दी गई हैं। कई कार कंपनियों ने पहले ही कीमतों में कटौती की घोषणा कर दी है।
वहीं, बात करें सर्विस सेक्टर्स की तो स्वास्थ्य क्लब, सैलून, नाई की दुकान, फिटनेस सेंटर, योग आदि सौंदर्य और फिटनेस सेवाओं पर जीएसटी को इनपुट कर क्रेडिट (आईटीसी) के साथ 18 प्रतिशत से घटाकर, बिना कर क्रेडिट के पांच प्रतिशत कर दिया गया है।
