देश

'हिंदू, ईसाई और बौद्ध अल्पसंख्यकों के खिलाफ...', बांग्लादेश में दीपू चंद्र दास की हत्या पर भड़कीं प्रियंका गांधी

Bangladesh Violence: कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने शुक्रवार को केंद्र सरकार से हिंदू युवक की हत्या के मामले को बांग्लादेश के समक्ष मजबूती से उठाने की अपील की। दरअसल, बांग्लादेश में ईशनिंदा के आरोप में हिंदू समुदाय के एक व्यक्ति की पीटकर हत्या कर दी गई और उसके शव को आग लगा दी गई।

Image

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा (फाइल फोटो)

Bangladesh Violence: बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के विरोधी उस्मान हादी की मौत के बाद ढाका में हिंसा भड़क गई। इसके बाद, भीड़ ने पीट-पीटकर एक हिंदू युवक की हत्या कर दी। इस बीच, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने शुक्रवार को केंद्र सरकार से इस मामले को बांग्लादेश के समक्ष मजबूती से उठाने की अपील की।

प्रियंका गांधी ने बांग्लादेश में एक हिंदू युवक की भीड़ द्वारा हत्या पर चिंता जताते हुए कहा कि भारत सरकार को वहां के अल्पसंख्यकों के खिलाफ बढ़ती हिंसा का संज्ञान लेना चाहिए और इस विषय को बांग्लादेशी सरकार के समक्ष मजबूती से उठाना चाहिए।

क्या है पूरा मामला?

बांग्लादेश में ईशनिंदा के आरोप में हिंदू समुदाय के एक व्यक्ति की पीटकर हत्या कर दी गई और उसके शव को आग लगा दी गई। यह देश में धार्मिक अल्पसंख्यक के खिलाफ हिंसा की नवीनतम घटना है। ‘बांग्ला ट्रिब्यून’ समाचार पोर्टल के अनुसार मृत व्यक्ति की पहचान दीपू चंद्र दास (25) के रूप में हुई, जो मैमनसिंह शहर में एक कारखाने में काम करते थे।

प्रियंका गांधी ने क्या कुछ कहा?

प्रियंका गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट किया, "बांग्लादेश में हिंदू युवक दीपू चंद्र दास की भीड़ द्वारा बर्बरतापूर्ण हत्या का समाचार अत्यंत चिंताजनक है। किसी भी सभ्य समाज में धर्म, जाति, पहचान आदि के आधार पर भेदभाव, हिंसा और हत्या मानवता के खिलाफ अपराध है।" उन्होंने कहा कि भारत सरकार को पड़ोसी देश में हिंदू, ईसाई और बौद्ध अल्पसंख्यकों के खिलाफ बढ़ती हिंसा का संज्ञान लेना चाहिए और बांग्लादेश सरकार के समक्ष उनकी सुरक्षा का मुद्दा मजबूती से उठाना चाहिए।

बांग्लादेश में अभी और बिगड़ेंगे हालात!

बांग्लादेश की संसद में शनिवार को उस्मान हादी के जनाजे की नमाज पढ़ी जाएगी। बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के मुखिया मोहम्मद युनुस ने उस्मान हादी को शहीद करार देते हुए बताया कि उस्मान हादी की जनाजा की नमाज कल दोपहर 2:30 बजे होगी। 19 दिसंबर 2025 को ढाका में दोपहर 2:30 बजे शहीद उस्मान हादी के लिए जनाजा की नमाज जातीय संसद भवन के साउथ प्लाजा में होगी, जो लोग शहीद उस्मान हाजी की जनाजा की नमाज में शामिल होना चाहते हैं, उनसे खास तौर पर अपील है कि वे कोई बैग या भारी सामान न ले जाएं।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें