Hormuz Crisis Deepen: अमेरिका और ईरान के बीच जारी युद्ध में अस्थायी शांति के बाद दुनियाभर की निगाहें स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पर टिकी हुई हैं। ईरान ने जहां इस अहम समुद्री जलमार्ग पर अपनी पकड़ को मजबूत किया तो वहीं अमेरिकी नौसैनिक ईरानी बंदरगाहों पर नाकेबंदी लगाए हुए हैं। इस बीच, भारत सरकार ने गुरुवार को पिछले 24 घंटे में होर्मुज से गुजरने वाले जहाजों को लेकर बड़ा अपडेट दिया है। सरकार ने बताया कि होर्मुज में किसी भी भारतीय जहाज पर गोलीबारी नहीं हुई है।
भारत सरकार का यह बयान ऐसे समय पर आया जब होर्मुज में ईरान ने तीन जहाजों पर गोलीबारी की और दो जहाजों को अपने कब्जे में लिया था।ईरानी मीडिया के मुताबिक, जहाजों पर इन हमलों को ईरान के अर्द्धसैन्य बल रिवोल्यूशनरी गार्ड ने अंजाम दिया था।
भारतीय नाविकों की सुरक्षा को लेकर सरकार चिंतित
पोर्ट्स, शिपिंग और जलमार्ग मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव मुकेश मंगल ने बताया कि पिछले 24 घंटों में विदेशों झंडे वाले जहाजों पर गोलीबारी की कुछ घटनाएं सामने आई हैं। हालांकि, किसी भी भारतीय जहाज को निशाना नहीं बनाया गया है, लेकिन इन जहाजों पर मौजूद भारतीय नाविकों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है।
'भारतीय नाविक सुरक्षित'
उन्होंने कहा कि इन घटनाओं में किसी भी भारतीय नाविक के घायल होने की खबर नहीं है। 'Euphoria' नामक जहाज पर 21 भारतीय नाविक सवार थे और सभी सुरक्षित हैं। इसी तरह 'Epaminondas' जहाज पर एक भारतीय नाविक मौजूद था, जो पूरी तरह सुरक्षित है। उन्होंने कहा कि फिलहाल उस क्षेत्र में मौजूद सभी भारतीय नाविक सुरक्षित हैं।
ईरान ने जहाजों पर की गोलीबारी
सनद रहे कि पिछले 24 घंटों में ईरान की अर्द्धसैन्य बल रिवोल्यूशनरी गार्ड ने होर्मुज में तीन जहाजों पर हमले किए और उनमें से दो को अपने कब्जे में ले लिया। ब्रिटेन की सेना के 'यूनाइटेड किंगडम मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस सेंटर' के अनुसार ईरान ने जलडमरूमध्य में एक कंटेनर जहाज पर गोलीबारी की, और थोड़ी ही देर बाद एक दूसरे जहाज पर भी हमला किया।
