Tamilnadu: तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन ने शनिवार को दावा किया कि राज्यपाल आर एन रवि ने विधानसभा सत्र की शुरुआत में भाषण नहीं पढ़कर राज्यपाल के पद का 'अपमान' किया है। मुख्यमंत्री स्टालिन ने कहा कि तमिलनाडु ने अतीत में कई राज्यपाल देखे हैं, लेकिन वे रवि जैसे नहीं थे। उन्होंने कहा कि वह राज्यपाल की कार्रवाइयों की आलोचना करने के लिए विवश हैं। मुख्यमंत्री ने विधानसभा में अपने जवाब में कहा, 'मैं उस संकट का सामना कर रहा हूं जो पूर्व मुख्यमंत्रियों सी एन अन्नादुरई, एम करुणानिधि, एम जी रामचंद्रन और जे जयललिता के कार्यकाल के दौरान नहीं देखा गया था... राज्यपाल (रवि) विधानसभा सत्र की शुरुआत में भाषण नहीं पढ़कर और विधानसभा सत्र की शुरुआत में राष्ट्रगान बजाने पर जोर देकर अपने पद का अपमान कर रहे हैं।'
राज्यपाल के भाषण के समापन पर बजाया जाता था-स्टालिन
स्टालिन ने कहा कि राष्ट्रगान हमेशा तमिलनाडु विधानसभा में राज्यपाल के भाषण के समापन पर बजाया जाता था और तमिल थाई वाज़थु (तमिल मातृ वंदना) शुरुआत में बजाया जाता था।स्टालिन ने कहा, 'हम देशभक्ति में किसी से कम नहीं हैं और किसी को हमें सिखाने की जरूरत नहीं है।' उन्होंने कहा कि यह संकट उनके लिए कोई नई बात नहीं है। उन्होंने कहा, 'मैंने अतीत में कई चुनौतियों का सामना किया है और उनसे पार पाया है।'
लोक भवन ने 13-सूत्री स्पष्टीकरण जारी किया
इस सप्ताह की शुरुआत में, तमिलनाडु के राज्यपाल आर एन रवि ने वर्ष के पहले सत्र के शुरुआती दिन राज्य विधान सभा से वॉकआउट किया था। पिछले दो वर्षों में, यह तीसरी बार है जब राज्यपाल ने बिना शुरुआती भाषण पढ़े वॉकआउट किया। बाद में, तमिलनाडु के लोक भवन ने एक प्रेस विज्ञप्ति में 13-सूत्री स्पष्टीकरण जारी करते हुए उन कारणों को बताया कि क्यों राज्यपाल आर एन रवि ने उद्घाटन भाषण देने से इनकार कर दिया था।
राज्य में अपराध पहले से कम-स्टालिन
राज्य में अपराध के आंकड़ों पर मुख्यमंत्री ने कहा कि मौजूदा द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) शासन में आपराधिक घटनाएं पहले के ऑल इंडिया द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) शासन की तुलना में कम हैं। धन्यवाद प्रस्ताव पर अपने उत्तर में मुख्यमंत्री ने कहा, 'पिछले पांच वर्षों में यह एम. के. स्टालिन जनता के लिए जिया है, उसकी भलाई के लिए योजनाएं बनाई हैं तथा तमिलनाडु का समग्र विकास किया है। यह एक तथ्य है। मैं समझ सकता हूं कि विपक्षी दल इसे सहन नहीं कर पा रहे हैं।'
