देश

सरकार नीट पेपर लीक पर चर्चा को तैयार- लोकसभा में बोले किरेन रिजिजू, कांग्रेस की मांग-धर्मेंद्र प्रधान दें इस्तीफा

लोकसभा में आज सरकार की ओर से कहा गया कि सरकार नीट पेपर लीक पर चर्चा के लिए तैयार है। हालांकि कांग्रेस धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग पर अड़ी है।

Image

लोकसभा में बोलते हुए किरेन रिजिजू

लोकसभा में आज सरकार आखिरकार नीट पेपर लीक मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार हो गई है। विपक्ष मॉनसून सत्र के पहले दिन से ही नीट पेपर लीक, राम मंदिर चंदा चोरी समेत कई मुद्दों पर चर्चा की मांग कर रहा था। विपक्ष इसे लेकर प्रदर्शन भी कर रहा था। आज लोकसभा में केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि सरकार चर्चा को तैयार है। वहीं कांग्रेस ने कहा कि पहले धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दें, फिर चर्चा करें।

किरेन रिजिजू ने क्या कहा?

लोकसभा में किरेन रिजिजू ने कहा, " सरकार NEET पेपर लीक के मुद्दे पर चर्चा करने के लिए पूरी तरह तैयार है। पहले दिन से ही हम कह रहे हैं कि चर्चा नियमों के मुताबिक होनी चाहिए। चर्चा कब होगी, कितनी देर तक चलेगी और किस नियम के तहत होगी, यह सब सभी पार्टियों के फ्लोर लीडर्स से बातचीत के बाद तय किया जाना चाहिए। सरकार NEET पेपर लीक के मुद्दे पर चर्चा करने के लिए तैयार है। देश के युवाओं के भविष्य के लिए एक रचनात्मक चर्चा होनी चाहिए - सरकार यही चाहती है।"

कांग्रेस ने क्या कहा?

कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल ने कहा कि हमारा मांग साफ है, शिक्षा मंत्री इस्तीफा दें। संसद के बाहर वेणुगोपाल ने कहा, "पिछले 3 दिनों से हम NEET परीक्षा का पेपर लीक होने और धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर चर्चा की मांग को लेकर स्थगन प्रस्ताव (adjournment motion) ला रहे हैं। लेकिन सरकार हमारी मांग नहीं मान रही है। कल जितेंद्र सिंह ने कहा कि सरकार चर्चा के लिए तैयार है, लेकिन किस नियम के तहत? यह सरकार इस मुद्दे पर इतनी असंवेदनशील क्यों है? उन्हें व्यवस्थित बहस करने से क्या रोक रहा है? हम तीन मांगों - NEET पेपर लीक, धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा और छात्रों के खिलाफ दर्ज FIR वापस लेने - को लेकर अपना आंदोलन जारी रखेंगे... हमें पुलिस जैसी केंद्रीय एजेंसियों से ऐसे कठोर रवैये की उम्मीद रहती है, लेकिन हम इसका सामना करने में सक्षम हैं। हम छात्रों के लिए लड़ेंगे। हमारे नेता डरने वालों में से नहीं हैं। वह खुद के लिए लड़ सकते हैं। मोदी राहुल गांधी को खत्म करना चाहते हैं, तो उन्हें कोशिश करने दें। मोदी ने कल पुलिस भेजी थी। क्या विपक्ष के नेता के साथ ऐसा बर्ताव किया जाता है?"

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article