देश

Goa Fire Case: गोवा के 'बर्च बाय रोमियो लेन' नाइट क्लब के दोनों मालिक विमान से भागे थाईलैंड के फुकेट

गोवा में 'बर्च बाय रोमियो लेन' नाइट क्लब आग हादसे पर बड़ा अपडेट सामने आया है। बताया जा रहा है कि क्लब के दोनों मालिक विमान से फुकेट भाग गए हैं। पुलिस ने इस मामले पर बयान दिया है।

Goa Fire

गोवा मेंअग्निकांड का मुख्य आरोपी सौरभ लुथराफुकेट भाग गया (फोटो: canva)

Goa Nightclub Fire: गोवा में हुए 'बर्च बाय रोमियो लेन' नाइट क्लब अग्निकांड हादसे पर बड़ी खबर सामने आई। बताया जा रहा है कि क्लब के दोनों मालिक विमान से थाईलैंड के फुकेट भाग गए हैं। पुलिस ने इस मामले पर बयान दिया है। अग्निकांड के मुख्य आरोपी सौरभ और गौरव लुथरा घटना के कुछ घंटे बाद मुंबई से विमान पकड़कर फुकेट भाग गए।

गोवा पुलिस फिलहाल उनके ठिकाने और विदेश भागने की पूरी कार्रवाई का पता लगा रही है और मामले की आगे की जांच जारी है और अधिकारियों ने अंतरराष्ट्रीय मदद लेने की भी योजना बनाई है।

अरपोरा रेस्टोरेंट आग की घटना पर गोवा पुलिस ने ट्वीट कर लिखा- 'FIR दर्ज होने के तुरंत बाद, पुलिस ने आरोपी गौरव और सौरभ लूथरा के पतों पर रेड करने के लिए दिल्ली एक टीम भेजी। चूंकि वे वहां नहीं मिले, इसलिए उनके घर पर नोटिस चिपका दिया गया। 7 दिसंबर की शाम तक, उनके खिलाफ LOC (लुक आउट सर्कुलर) जारी किया गया। इसके अलावा, मुंबई में ब्यूरो ऑफ़ इमिग्रेशन से संपर्क किया गया, और पता चला कि दोनों आरोपियों ने 7 दिसंबर को सुबह 5.30 बजे फुकेट के लिए फ्लाइट ली थी, यानी घटना के तुरंत बाद, जो आधी रात के आसपास हुई थी। यह पुलिस जांच से बचने की उनकी मंशा को दिखाता है।

गोवा पुलिस ने उन्हें जल्द से जल्द पकड़ने के लिए CBI के इंटरपोल डिवीजन के साथ तालमेल बिठाने के लिए आगे कदम उठाए हैं। गोवा पुलिस ने दिल्ली से भरत कोहली को गिरफ्तार किया और आगे की पूछताछ के लिए उसे गोवा लाने के लिए ट्रांजिट रिमांड हासिल किया। सभी मृतकों का पोस्टमार्टम किया जा चुका है, और शव उनके परिवारों को सौंप दिए गए हैं।'

सौरभ लूथरा ने सोमवार को इंस्टाग्राम पर दुख व्यक्त किया

इससे पहले उत्तरी गोवा के अरपोरा स्थित 'बर्च बाय रोमियो लेन' नाइट क्लब में आग लगने की घटना के बाद इसके मालिकों में से एक सौरभ लूथरा ने सोमवार को इंस्टाग्राम पर दुख व्यक्त किया और कहा कि प्रबंधन शोक संतप्त और प्रभावित व्यक्तियों को हर संभव सहायता, समर्थन और सहयोग प्रदान करेगा।यहां से लगभग 25 किलोमीटर दूर स्थित नाइट क्लब में शनिवार देर रात भीषण आग लगने से 25 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में नाइटक्लब के 20 कर्मचारी और पांच पर्यटक शामिल हैं जिनमें से चार दिल्ली के थे।

एजेंसियों द्वारा की गई जांच में कई अनियमितताएं सामने आईं

बाद में कई एजेंसियों द्वारा की गई जांच में कई अनियमितताएं सामने आईं, जिनमें अग्निशमन विभाग की ओर से जारी किये जाने वाले अनापत्ति प्रमाणपत्र का कथित अभाव और उचित दस्तावेज के बिना लाइसेंस का जारी किया जाना शामिल है।आग लगने की घटना से संबंधित प्राथमिकी में सहमालिक गौरव लूथरा के साथ नामित सौरभ लूथरा ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में दावा किया कि बर्च में हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना के कारण दुखद जनहानि पर प्रबंधन 'गहरा दुख' व्यक्त करता है।

सौरभ लूथरा ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, 'अपूरणीय दुःख और भारी संकट की इस घड़ी में प्रबंधन मृतकों और घायलों के परिवारों के साथ अटूट एकजुटता के साथ खड़ा है और पूरी ईमानदारी से अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त करता है।' उन्होंने कहा, 'प्रबंधन यह भी पुष्टि करता है कि वह शोक संतप्त और प्रभावित व्यक्तियों को हर संभव सहायता, समर्थन और सहयोग प्रदान करेगा, क्योंकि वे इस घोर पीड़ा और विपत्ति के दौर से गुजर रहे हैं।'

कथित तौर पर अग्निशमन विभाग की ओर से जारी एनओसी नहीं था

आग लगने के बाद अग्निशमन अधिकारियों ने कहा था कि इस क्लब के पास कथित तौर पर अग्निशमन विभाग की ओर से जारी एनओसी नहीं था और छोटे दरवाजों और उस तक पहुंचने वाले संकरे पुल के कारण लोगों का बचकर निकलना मुश्किल हो गया था। क्लब के मुख्य महाप्रबंधक राजीव मोदक, महाप्रबंधक विवेक सिंह, बार प्रबंधक राजीव सिंघानिया और गेट मैनेजर रियांशु ठाकुर को गिरफ्तार कर लिया गया है। मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने रविवार को कहा था कि लूथरा परिवार को पकड़ने के लिए पुलिस की एक टीम दिल्ली रवाना हो गई है।

कौन है गोल्ड मेडलिस्ट इंजीनियर सौरभ लूथरा?

गोवा के एक नाइट क्लब में भीषण आग लगने की वजह से कम से कम 25 लोगों की मौत हो गई और छह लोग घायल बताए जा रहे हैं। इस हादसे को लेकर मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए हैं। सौरभ लूथरा गोवा स्थित अरपोरा इलाके में बने बिर्च बाय रोमियो लेन नाइटक्लब के फाउंडर और प्रबंध निदेशक हैं। सौरभ लूथरा गोवा स्थित अरपोरा इलाके में बने बिर्च बाय रोमियो लेन (Birch by Romeo Lane ) नाइटक्लब के फाउंडर और प्रबंध निदेशक हैं। कंपनी की वेबसाइट के मुताबिक, सौरभ लूथरा एक गोल्ड मेडलिस्ट इंजीनियर हैं, जो आंत्रप्रेन्योर भी हैं और उन्हें सबसे तेजी से बढ़ते रेस्त्रां मालिकों में से एक के तौर पर गिना जाता है।

वेबसाइट के अनुसार, सौरभ लूथरा को कई उद्योग पुरस्कारों से सम्मानित किया गया है

सौरभ लूथरा ने बिर्च, रोमियो लेन, मामाज बुओई जैसे कई ब्रॉन्ड लॉन्च किए हैं। वेबसाइट के अनुसार, सौरभ लूथरा को कई उद्योग पुरस्कारों से सम्मानित किया गया है, जिसमें टाइम्स हॉस्पिटैलिटी आइकॉन्स 2023 में आइकॉनिक रेस्टोरेटर का खिताब भी शामिल है। सौरभ लूथरा ने 2016 से लेकर अब तक रेस्त्रां और बार के लिए कई खिताब हासिल किए। बकौल वेबसाइट, रोमियो लेन अभी 22 शहरों और चार देशों में मौजूद है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।

रवि वैश्य
रवि वैश्य author

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों... और देखें

End of Article