Ganesh Chaturthi 2026: गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के मुंबई स्थित आवास पर पहुंचकर भगवान गणेश की पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने गणपति बप्पा के दर्शन कर देशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
समाचार एजेंसी एएनआई द्वारा जारी वीडियो में देखा जा सकता है कि सीएम देवेंद्र फडणवीस की पत्नी अमृता फडणवीस ने अमित शाह की आरती उतारी और उनका तिलक किया। इसके बाद उन्होंने अमित शाह की पत्नी सोनल शाह का तिलक किया।
बता दें कि महाराष्ट्र में गणेश चतुर्थी का पर्व बड़े उत्साह और भव्यता के साथ मनाया जाता है। मुंबई समेत पूरे राज्य में जगह-जगह गणपति की प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। इस दौरान राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े कई प्रमुख लोग भी गणपति पंडालों और नेताओं के आवास पर पहुंचकर बप्पा के दर्शन कर रहे हैं।
