नेहरू-गांधी परिवार के तीन मुख्य सदस्य सोनिया गांधी, प्रियंका गांधी और राहुल गांधी इस समय वायनाड में हैं। प्रियंका गांधी का यह संसदीय क्षेत्र है और वो पिछले सात दिनों से वायनाड में मौजूद हैं और लोगों से मिल रही है। शुक्रवार को सोनिया गांधी और राहुल गांधी भी वायनाड पहुंचे। इस दौरान प्रियंका गांधी और सोनिया गांधी ने वायनाड के कॉफी किसानों से मुलाकात की और उनकी समस्याओं को जाना। प्रियंका गांधी से पहले वायनाड से राहुल गांधी सांसद थे।
सोनिया गांधी और राहुल गांधी एक साथ पहुंचे वायनाड
कांग्रेस नेता राहुल गांधी और सोनिया गांधी निजी कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए शुक्रवार को वायनाड पहुंचे। पार्टी सूत्रों ने यह जानकारी दी। कांग्रेस के एक नेता ने बताया कि राहुल और सोनिया सुबह करीब 10 बजे कोझिकोड हवाई अड्डा पहुंचे और बाद में हेलीकॉप्टर से पदिंजराथरा पहुंचे, जहां वे करीब 10.40 बजे एक सरकारी हाई स्कूल मैदान में उतरे। केरल प्रदेश कांग्रेस कमेटी (केपीसीसी) के अध्यक्ष सनी जोसेफ, सांसद शफी परम्बिल, विधायक टी सिद्दीक और वायनाड जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एनडी अप्पाचन ने उनका स्वागत किया। सूत्रों ने बताया कि इसके बाद दोनों नेता पदिंजरथारा के एक होटल गए।
सोनिया, प्रियंका ने कॉफी किसानों की समस्याएं सुनीं
कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी और उनकी बेटी एवं सांसद प्रियंका गांधी वाद्रा ने शुक्रवार को केरल के इस पहाड़ी जिले में कॉफी उत्पादकों से मुलाकात की और उद्योग के समक्ष मौजूद चुनौतियों के बारे में उनसे सीधे बात की। पार्टी सूत्रों ने यहां यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि चुंडाले स्थित क्षेत्रीय कॉफी अनुसंधान स्टेशन के दौरे का उद्देश्य स्थानीय किसानों के समक्ष आ रही समस्याओं को समझना था, जो जलवायु परिवर्तन, बढ़ती उत्पादन लागत और अन्य मुद्दों से जूझ रहे हैं। दोनों सांसदों को अनुसंधान सुविधा का दौरा कराया गया।
स्वामीनाथन रिसर्च फाउंडेशन का दौरा
बाद में सोनिया और प्रियंका ने कलपेट्टा स्थित स्वामीनाथन रिसर्च फाउंडेशन का दौरा किया और वहां नर्सरी और वृक्षारोपण का अवलोकन किया। पार्टी की ओर से जारी एक बयान में कहा गया कि दोनों सांसदों ने पौधे भी लगाए और फाउंडेशन की अध्यक्ष सौम्या स्वामीनाथन से वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए बातचीत की। स्वामीनाथन ने फाउंडेशन की विभिन्न गतिविधियों के बारे में उनसे बात की।
