Farmer's Protest: हरियाणा के जींद जिले की जुलाना सीट से कांग्रेस विधायक विनेश फोगाट ने छह दिसंबर को प्रस्तावित ‘दिल्ली कूच’ के लिए किसानों का समर्थन किया और कहा कि यह सिर्फ प्रदर्शन नहीं बल्कि अन्याय के खिलाफ आंदोलन है।
विनेश फोगाट ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “पिछले नौ महीने से किसान हमारे देश का सड़कों पर है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) मानी हुई मांगों को क्यों पूरा नहीं कर रही है। भारत के किसानों का संघर्ष केवल उनकी आजीविका का नहीं, बल्कि देश के हर नागरिक के भविष्य का सवाल है।” उन्होंने कहा, “फसल का मूल्य तय करने वाले न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की गारंटी के बिना हमारे अन्नदाता हर साल घाटे और कर्ज के जाल में फंसते जा रहे हैं।”
विनेश ने भाजपा को चेतावनी देते हुए कहा कि अब किसान चुप नहीं बैठने वाले हैं, क्योंकि किसान अडिग हैं इसलिए आंदोलन जारी है। उन्होंने पोस्ट में कहा, “छह दिसंबर को लाखों किसान अपने हक और सम्मान की लड़ाई के लिए दिल्ली कूच करेंगे। यह सिर्फ एक प्रदर्शन नहीं, बल्कि अन्याय के खिलाफ एक जनांदोलन है।”
विनेश ने पोस्ट में केंद्र की सत्तारूढ़ सरकार से पूछा, “कर्ज से दबे किसान आत्महत्या क्यों कर रहे हैं?, एमएसपी की मांग क्यों अनसुनी की जा रही है?, अन्नदाता आज भी मेहनत का दाम क्यों नहीं पा रहे हैं?” उन्होंने किसानों को समर्थन देने के साथ जनता से भी इस आंदोलन से जुड़ने की अपील की है।कांग्रेस विधायक ने कहा कि यह लड़ाई सम्मान और हक की लड़ाई है।
(इनपुट: भाषा)
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और (आज की ताजा खबर) के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।
