Farmer Protest: नोएडा में किसानों के संभावित दिल्ली कूच को लेकर पुलिस पूरी तरह अलर्ट पर है। महामाया फ्लाईओवर और नोएडा एक्सप्रेसवे को छावनी में तब्दील कर दिया गया है। दंगा नियंत्रण उपकरणों से लैस भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशों के बाद नोएडा पुलिस अराजकता फैलाने वाले किसी भी तत्व पर कड़ी नजर बनाए हुए है। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार किसानों के प्रदर्शन में अराजक तत्व भी शामिल है जिसको लेकर पुलिस पूरी तरह से अलर्ट है।
जीरो पॉइंट पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था
महामाया फ्लाईओवर, दलित प्रेरणा स्थल और ग्रेटर नोएडा के यमुना एक्सप्रेसवे जीरो पॉइंट पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई है। सोशल मीडिया पर भी साइबर पुलिस लगातार नजर रख रही है ताकि किसी भी तरह की भ्रामक सूचना या उत्तेजक सामग्री को फैलने से रोका जा सके।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, प्रदर्शन में कुछ अराजक तत्वों के शामिल होने की आशंका है, जो आंदोलन का लाभ उठाकर अराजकता फैलाने की कोशिश कर सकते हैं। खुफिया एजेंसियों (आईबी) और पुलिस इंटेलिजेंस को इस संबंध में इनपुट मिले हैं। इसके बाद से पुलिस ने ऐसे तत्वों की निगरानी के लिए विशेष टीमें तैनात कर दी हैं।
धरना देने या प्रदर्शन करने की अनुमति नहीं
दोपहर 1 बजे तक धरनास्थल पर कोई भी किसान नहीं पहुंचा था। पुलिस ने साफ कर दिया है कि किसी भी किसान को धरना देने या प्रदर्शन करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। अगर कोई कोशिश करता है, तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जॉइंट कमिश्नर बबलू कुमार और शिव हरी मीणा, डीसीपी सुनीति सहित भारी पुलिस बल मौके पर तैनात है। अधिकारियों ने कहा है कि कानून व्यवस्था को बिगड़ने नहीं दिया जाएगा और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।
