Times Now Summit 2026: टाइम्स ग्रुप के एमडी विनीत जैन ने गुरुवार को टाइम्स नाउ समिट 2026 के दौरान टाइम्स नेटवर्क के लिए ब्रांड शिफ्ट की घोषणा की। इस मौके पर उन्होंने नेटवर्क का नया लोगो भी लॉन्च किया और इसे “एक नए अध्याय की शुरुआत” बताया। समिट को संबोधित करते हुए विनीत जैन ने कहा, “किसी भी संस्थान के जीवन में कुछ ऐसे निर्णायक क्षण आते हैं, जो केवल बदलाव का संकेत नहीं देते, बल्कि एक नए अध्याय की शुरुआत को दर्शाते हैं। आज ऐसा ही एक क्षण है।”
उन्होंने आगे कहा, “कई वर्षों तक टाइम्स नेटवर्क की पहचान एक पिरामिड के प्रतीक से जुड़ी रही, जो ताकत, दृढ़ता और सत्य के प्रति प्रतिबद्धता का स्थायी प्रतीक रहा है। लेकिन जैसे-जैसे दुनिया बदल रही है, वैसे-वैसे प्रतिनिधित्व करने वाले प्रतीकों को भी विकसित होना चाहिए।”
भारत की वैश्विक भूमिका में हो रहे बदलाव से इस परिवर्तन को जोड़ते हुए जैन ने कहा, “भारत एक ऐसे देश के रूप में उभरा है जिसकी वैश्विक अहमियत लगातार बढ़ रही है- जो अपनी पहचान को लेकर आत्मविश्वासी है, अपने उद्देश्य को लेकर स्पष्ट है और अपने प्रभाव का दायरा लगातार बढ़ा रहा है। और जैसे-जैसे विश्व पटल पर भारत की भूमिका और अधिक व्यापक होती जा रही है, हमारी अपनी पहचान में भी उस विस्तृत होते क्षितिज की झलक अवश्य दिखाई देनी चाहिए।"
आज हम इसलिए अपनी पहचान की एक नई अभिव्यक्ति को अपनाते हैं। हम पिरामिड की स्थिरता से आगे बढ़कर एक ग्लोब की गतिशीलता की ओर बढ़ रहे हैं- एक ऐसा ग्लोब, जिसके भीतर भारत की मजबूत छाप दिखाई देती है।”
लोगो को केवल एक डिजाइन बदलाव से कहीं अधिक बताते हुए विनीत जैन ने कहा, “यह सिर्फ एक दृश्य परिवर्तन नहीं है, बल्कि हमारे उद्देश्य की घोषणा है। यह ऐसे नेटवर्क को दर्शाता है जो भौगोलिक सीमाओं से बंधा नहीं है, बल्कि आपसी जुड़ाव से ऊर्जा प्राप्त करता है। यह नई पहचान एक ऐसे नेटवर्क के व्यापक दृष्टिकोण को दर्शाती है, जो एक सेतु का काम करता है — भारत और दुनिया के बीच, और ठीक उसी तरह, दुनिया और भारत के बीच भी।
जैन ने भविष्य में नेटवर्क की भूमिका के बारे में बात करते हुए कहा कि यह “ऐसा नेटवर्क होगा, जो हमारे महान राष्ट्र की कहानी, उसकी आकांक्षाओं और संभावनाओं को दुनिया के सामने प्रस्तुत करेगा और जिसकी आवाज वैश्विक स्तर पर गूंजेगी। यह एक ऐसा मंच होगा, जहां संवाद सीमाओं से ऊपर उठेंगे और जहां भारत और दुनिया के बीच विचारों का आदान-प्रदान एकतरफा नहीं, बल्कि लगातार, सार्थक और जीवंत रहेगा।”
नए लोगो के प्रतीकात्मक अर्थ को समझाते हुए विनीत जैन ने कहा, “ग्लोब अपने निरंतर गतिशील और संपूर्ण स्वरूप में इस भावना को सटीक रूप से दर्शाता है। यह खुला है, आपस में जुड़ा हुआ है, भविष्य की ओर देखने वाला है और संभावनाओं से भरा हुआ है। और… इसके केंद्र में… भारत खड़ा है।एक ऐसा भारत, जो 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने के लक्ष्य की ओर दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है। एक ऐसा भारत, जो ग्लोबल साउथ के लिए उम्मीद का एक मजबूत स्तंभ बन चुका है। और एक ऐसा भारत, जो वैश्विक अर्थव्यवस्था के केंद्र में लगातार महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।”
विनीत जैन ने आगे कहा, “यह नई पहचान केवल भारत के उभार का प्रतिबिंब नहीं है, बल्कि यह एक आह्वान भी है। व्यापक अर्थों में यह हम सभी-संस्थानों, नीति-निर्माताओं, नागरिकों और पूरे राष्ट्र- के लिए एक संदेश है कि हम तत्काल परिस्थितियों से आगे सोचें, भविष्य के बारे में सोचें, सुधारों के बारे में सोचें और ऐसे साहसिक कदम उठाएं जो उस भारत के अनुरूप हों, जिसे हम मिलकर बनाना चाहते हैं।”
उन्होंने आगे कहा, “इस नई पहचान के साथ हम सत्य, सटीकता, विश्वसनीयता, गहरी समझ को बढ़ावा देने और उन महत्वपूर्ण मुद्दों पर सार्थक संवाद को दिशा देने की अपनी प्रतिबद्धता को फिर से दोहराते हैं- सिर्फ देश की सीमाओं के भीतर ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया में।”
उन्होंने कहा, “हम टाइम्स नेटवर्क हैं- भारत में जड़ें रखने वाला, दुनिया से जुड़ा हुआ और दोनों के बीच एक मजबूत सेतु बनने के लिए प्रतिबद्ध। यह केवल एक नई पहचान नहीं है, बल्कि हमारी महत्वाकांक्षा की नई अभिव्यक्ति है। और फिर भी, जब हम आगे बढ़ते हैं, एक सच्चाई हमेशा कायम रहती है, एक विश्वास हमेशा स्थिर रहता है… ‘एक्शन बिगिन्स हियर।’”
