देश

Kerala: रेलवे ट्रैक साफ कर रहे कर्मचारियों को ट्रेन ने रौंदा, चार की मौत, एक शव नदी में गिरने की आशंका

केरल के पलक्कड़ जिले के शोरानूर स्टेशन के पास चार सफाई कर्मचारी ट्रेन की चपेट में आ गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि शव पटरी से दूर जाकर गिरे। पुलिस ने तीन शवों को बरामद कर लिया है। लेकिन चौथे शव की तलाश जारी है। जिसके नदी में गिरने की आशंका भी जताई जा रही है।

Image

ट्रेन की चपेट में आने से चार लोगों की मौत (सांकेतिक फोटो)

केरल में आज पलक्कड़ जिले के शोरानूर रेलवे स्टेशन के पास एक दर्दनाक हादसा हो गया। जहां केरल एक्सप्रेस की चपेट में आने से चार सफाई कर्मचारियों की मौत हो गई। यह ट्रेन नई दिल्ली से तिरुवनंतपुरम जा रही थी। इसी दौरान पलक्कड़ में यह हादसा हो गया। मृतकों में दो महिलाएं भी शामिल हैं। पुलिस के अनुसार इन सफाईकर्मियों को रेलवे द्वारा अनुबंध पर रखा गया था।

भीषण हादसे में शवों के उड़े परखच्चे

यह हादसा रेलवे स्टेशन से कुछ किलोमीटर की दूरी पर शोरानूर पुल के पास दोपहर के 3:05 बजे हुआ। जहां सफाई कर्मचारी रेलवे ट्रैक से कचरा साफ कर रहे थे। इसी दौरान वहां से गुजर रही केरल एक्सप्रेस की चपेट में दो महिलाओं समेत चार सफाईकर्मी आ गए। यह हादसा इतना भीषण था कि चारों के शरीर के परखच्चे उड़ गए और शव के टुकड़े दूर छिटककर गिरे।

तीन शव बरामद, एक की तलाश जारी

शोरानूर रेलवे पुलिस के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘मजदूरों ने संभवत: आती हुई ट्रेन पर ध्यान नहीं दिया होगा, जिसकी वजह से यह दुर्घटना हुई, लेकिन आगे की जांच जारी है।’’ पुलिस के अनुसार सफाईकर्मी ट्रेन की टक्कर से पटरी से दूर जा गिरे। हादसे के बाद तीन शव बरामद कर लिए गए हैं। लेकिन चौथे शव का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं। जिसके भरतपुझा नदी में गिरने का संदेह जताया जा रहा है।

रेलवे पुल पर फंसे सफाईकर्मी

मृतक महिलाओं की पहचान वल्ली और रानी के तौर पर हुई है। वहीं एक पुरुष सफाई कर्मी की पहचान लक्ष्मण के रूप में हुई। ये सभी तमिलनाडु के सलेम के रहने वाले बताए जा रहे हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रेलवे ट्रैक पर सफाई करते समय उनका ध्यान तेज रफ्तार से आ रही ट्रेन पर नहीं पड़ा। लेकिन जब उन्होंने ट्रेन को देखा, तब तक काफी देर हो चुकी थी। वे लोग रेलवे पुल पर फंस गए और ट्रेन की चपेट में आ गए।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article