देश

Harishankar Tiwari Death: यूपी के पूर्व मंत्री और बाहुबली नेता पंडित हरिशंकर तिवारी का निधन, गोरखपुर में गम की लहर

  • Authored by: रवि वैश्य
  • Updated May 16, 2023, 11:31 PM IST

Pandit Harishankar Tiwari Death: पंडित हरिशंकर तिवारी ऐसी शख्सियत थे, जो पांच बार कैबिनेट मंत्री रहे, राज्य में किसी भी राजनीतिक दल की सरकार आई, उसने अपनी कैबिनेट में उन्हें जगह दी, उनका मंगलवार को निधन हो गया।

Image

पंडित हरिशंकर तिवारी का मंगलवार की शाम गोरखपुर में निधन हो गया (फाइल फोटो)

Pandit Harishankar Tiwari Passed Away: उत्‍तर प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री पंडित हरिशंकर तिवारी (Pandit Harishankar Tiwari) का मंगलवार की शाम गोरखपुर में निधन हो गया। वह 90 वर्ष के थे।तिवारी के बेटे पूर्व विधायक विनय शंकर तिवारी ने यहां बताया कि उनके पिता ने गोरखपुर स्थित अपने आवास पर आखिरी सांस ली। विनय ने बताया कि उनके पिता पिछले तीन वर्षों से बीमार थे। वह दिल की बीमारी समेत कई रोगों से ग्रस्त थे।

कई दशकों तक पूर्वांचल की राजनीति में अहम भूमिका निभाने वाले तिवारी गोरखपुर जिले के बड़हलगंज थाना क्षेत्र के टांडा गांव के निवासी थे।

तिवारी ने वर्ष 1985 में पहली बार निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर गोरखपुर जिले की चिल्लूपार विधानसभा सीट से चुनाव जीता था। बाहुबली कहे जाने वाले हरिशंकर तिवारी उस समय जेल में बंद थे। बाद में वह कांग्रेस में शामिल हो गये। उसके बाद वर्ष 2002 तक वह लगातार छह बार निर्वाचित हुए।

वर्ष 2007 के विधानसभा चुनाव में वह पराजित हो गये। तिवारी कांग्रेस पार्टी के अलावा कांग्रेस (तिवारी) और अखिल भारतीय लोकतांत्रिक कांग्रेस में रहे। वह अखिल भारतीय लोकतांत्रिक कांग्रेस के लंबे समय तक अध्‍यक्ष भी रहे।

उत्‍तर प्रदेश में ब्राह्मणों के नेता के तौर पर अपनी पहचान रखने वाले हरिशंकर तिवारी राज्य में कल्याण सिंह, राम प्रकाश गुप्ता, राजनाथ सिंह, मायावती और मुलायम सिंह यादव के नेतृत्व वाली सरकारों में वर्ष 1997 से 2007 तक लगातार कैबिनेट मंत्री भी रहे।

हरिशंकर तिवारी के निधन की खबर से उनके क्षेत्र में शोक की लहर

तिवारी के दो पुत्र हैं, जिनमें भीष्म शंकर तिवारी पूर्व में संत कबीर नगर निर्वाचन क्षेत्र से सांसद रह चुके हैं और छोटे पुत्र विनय शंकर तिवारी अपने पिता की परंपरागत सीट चिल्लूपार का पिछली विधानसभा (2017-2022) तक बहुजन समाज पार्टी से प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। पूर्वांचल की राजनीति में कभी खासा दबदबा रखने वाल तिवारी के निधन की खबर से उनके क्षेत्र में शोक की लहर है।

अखिलेश यादव ने दी श्रद्धांजलि

अखिलेश यादव ने ट्वीट कर कहा कि 'पूर्व मंत्री हरिशंकर तिवारी जी का निधन, अत्यंत दुखद! ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति एवं शोक संतप्त परिवार को यह असीम दुख सहने की शक्ति प्रदान करे। भावभीनी श्रद्धांजलि'!

रवि वैश्य
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article