देश

TMC को हाई कोर्ट से मिली बड़ी राहत, सशर्त फ्रीज अकाउंटों का कर सकेंगे इस्तेमाल; स्पेशल ऑफिसर भी किया नियुक्त

TMC Frozen Bank Accounts: कलकत्ता हाई कोर्ट ने टीएमसी के नियमित खर्चों के लिए एक स्पेशल ऑफिसर की देखरेख में फ्रीज किए गए तीनों बैंक खातों को अस्थायी रूप से संचालित करने की अनुमति दी है।

Image

तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ममता बनर्जी (फाइल फोटो)

TMC Frozen Bank Accounts: कलकत्ता हाई कोर्ट ने गुरुवार को तृणमूल कांग्रेस (TMC) को बड़ी राहत दी है। कोर्ट ने पार्टी के नियमित खर्चों के लिए एक स्पेशल ऑफिसर की देखरेख में फ्रीज किए गए तीनों बैंक खातों को अस्थायी रूप से संचालित करने की अनुमति दी है।

कोर्ट ने एक बात साफ कर दी है कि टीएमसी बिना स्पेशल ऑफिसर की देखरेख में पैसों का इस्तेमाल नहीं कर पाएगी। ऐसे में कोर्ट ने टीएमसी बैंक अकाउंट के ऑपरेशन में मदद के लिए एक स्पेशल ऑफिसर नियुक्त किया है। हालांकि, अकाउंट में मौजूद पैसे का इस्तेमाल महज पार्टी के नियमित खर्चों और कानूनी खर्चों के लिए ही किया जाएगा।

चेक में स्पेशल ऑफिसर के दस्तखत जरूरी

न्यायमूर्ति सौगता भट्टाचार्य की एकल पीठ ने हाई कोर्ट के रिटायर न्यायाधीश न्यायमूर्ति सुब्रता तालुकदार को 30 सितंबर तक लेनदेन की निगरानी के लिए स्पेशल ऑफिसर नियुक्त किया है। इस व्यवस्था के तहत, टीएमसी महज पार्टी के नियमित खर्चों के लिए ही फ्रीज किए गए अकाउंटों से पैसा निकाल सकेगी। हालांकि, किसी अन्य कामों के लिए पैसों की निकासी नहीं हो पाएगी।

हाई कोर्ट ने निर्देश दिया कि बैंक में चेक देने से पहले उस पर टीएमसी के दो अधिकृत पदाधिकारियों के दस्तखत होने चाहिए। साथ ही स्पेशल ऑफिसर के दस्तखत भी अनिवार्य होंगे।

ED ने TMC के तीनों अकाउंट किए थे फ्रीज

प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने एचडीएफसी बैंक में टीएमसी के तीन खातों को फ्रीज कर दिया था, जिसमें 440 करोड़ रुपये जमा हैं। जांच एजेंसी ने यह कार्रवाई कोलकाता स्थित केयरवेल एविएशन नामक कंपनी के जरिए टीएमसी के 160 करोड़ रुपये के कथित मनी लॉन्ड्रिंग की जांच के तहत की थी।

आरोप लगाया गया कि इन पैसों का इस्तेमाल 112 करोड़ रुपये में एक एम्ब्रेयर 600 विमान और एक अगस्ता हेलीकॉप्टर खरीदने के लिए किया गया था, जिसे जांच एजेंसी एक संदिग्ध लेनदेन मानती है। यह पहला मौका है जब ईडी ने किसी राजनीतिक दल के बैंक खातों को सीज किया है।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article