Raj K Purohit Death: महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री और वरिष्ठ भारतीय जनता पार्टी (BJP) नेता राज के. पुरोहित का शनिवार को निधन हो गया। 71 वर्षीय राज के. पुरोहित लंबे समय से बीमार चल रहे थे। सूत्रों के मुताबिक, उन्होंने मुंबई के एक निजी अस्पताल में अंतिम सांस ली। राज पुरोहित मुंबई बीजेपी के एक प्रमुख और प्रभावशाली नेता माने जाते थे। उन्होंने पार्टी के मुंबई अध्यक्ष, महाराष्ट्र सरकार में मंत्री और 2014 से 2019 तक विधानसभा में बीजेपी के मुख्य सचेतकके रूप में अहम जिम्मेदारियां निभाईं।
दक्षिण मुंबई में था मजबूत राजनीतिक प्रभाव
राज पुरोहित को दक्षिण मुंबई में बीजेपी का सबसे प्रभावशाली चेहरा माना जाता था। वे उत्तर भारतीय समुदायों की एक सशक्त आवाज के रूप में जाने जाते थे और मुंबई की राजनीति में उनका खासा प्रभाव था। हालांकि, 2019 के महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में पार्टी ने उन्हें टिकट नहीं दिया था।
बीजेपी नेताओं ने जताया शोक
राज पुरोहित के निधन पर बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े ने गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, “मुंबई के नगरसेवक से लेकर विधायक और मंत्री तक का सफर तय करने वाले मेरे मित्र राज पुरोहित जनता से गहराई से जुड़े लोकप्रिय जनप्रतिनिधि थे। उनका जाना महाराष्ट्र बीजेपी के लिए अपूरणीय क्षति है।” विनोद तावड़े ने कहा कि राज पुरोहित मुंबई में रहने वाले प्रवासी किरायेदारों के सबसे बड़े मसीहा माने जाते थे और उन्होंने जीवनभर उनके उत्थान के लिए काम किया।
बीएमसी चुनाव में बेटे ने हासिल की जीत
हाल ही में हुए बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) चुनाव में राज पुरोहित के पुत्र और बीजेपी नेता आकाश पुरोहित ने वार्ड नंबर 221 से जीत दर्ज की थी। सूत्रों के अनुसार, राज पुरोहित के पार्थिव शरीर को रविवार को सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक मरीन ड्राइव स्थित राजहंस बिल्डिंग में अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा।
