देश

महाराष्ट्र में कांग्रेस को झटका, पूर्व विधायक रविंद्र धंगेकर का पार्टी से इस्तीफा, एकनाथ शिंदे की शिवसेना में हो सकते हैं शामिल

साल 2023 में महाराष्ट्र के पुणे जिले की कसबा विधानसभा सीट पर उपचुनाव जीतने वाले रविंद्र धंगेकर ने कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया है। कहा जा रहा है कि वो एकनाथ शिंदे की शिवसेना में शामिल हो सकते हैं।

Image

महाराष्ट्र के पूर्व कांग्रेस विधायक रविंद्र धंगेकर ने कांग्रेस से दिया इस्तीफा

Photo : Twitter

महाराष्ट्र में कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। पूर्व विधायक रविंद्र धंगेकर ने कांग्रेस छोड़ने का ऐलान कर दिया है। कहा जा रहा है कि रविंद्र धंगेकर, शिवसेना में शामिल हो सकते हैं। इसके लिए वो शिवसेना प्रमुख एकनाथ शिंदे से मुलाकात भी कर सकते हैं।

धंगेकर के कांग्रेस छोड़ने की थी अटकलें

महाराष्ट्र के पूर्व कांग्रेस विधायक रविंद्र धंगेकर ने सोमवार को कांग्रेस छोड़ने का ऐलान किया और संकेत दिया कि वह एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना में शामिल हो सकते हैं। पिछले कुछ महीनों से अटकलें लगाई जा रही थीं कि वर्ष 2023 में महाराष्ट्र के पुणे जिले की कसबा विधानसभा सीट पर उपचुनाव जीतने वाले धंगेकर सत्तारूढ़ शिवसेना में शामिल हो सकते हैं।

2023 में बने थे विधायक

पिछले साल हुए लोकसभा चुनाव में कांग्रेस ने उन्हें पुणे सीट से चुनावी जंग में उतारा था, लेकिन वह भाजपा के मुरलीधर मोहोल से हार गए थे। इसके बाद वर्ष 2024 के राज्य विधानसभा चुनाव में भी उन्होंने कसबा सीट से चुनाव लड़ा, लेकिन इस बार भाजपा के हेमंत रासने ने उन्हें पराजित किया।

वर्ष 2023 के कसबा उपचुनाव में धंगेकर ने रासने को हराया था।

कांग्रेस छोड़ने पर क्या बोले धंगेकर

धंगेकर ने यहां पत्रकारों से कहा कि वह सोमवार शाम उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे से मुलाकात करेंगे और उसके बाद शिवसेना में शामिल होने को लेकर अंतिम फैसला लेंगे। उन्होंने बताया कि हाल ही में उन्होंने शिंदे और शिवसेना के मंत्री उदय सामंत से मुलाकात की थी जिन्होंने उन्हें साथ काम करने का प्रस्ताव दिया। उन्होंने कहा, "कांग्रेस छोड़ना दुखद है। चुनावों में सभी ने मेरे लिए मेहनत की, लेकिन मेरे समर्थकों और मतदाताओं की भावनाएं हैं कि मुझे ऐसा फैसला लेना चाहिए जिससे (कसबा) क्षेत्र में विकास कार्य हो सकें।"

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें