विदेश मंत्री एस जयशंकर (S Jaishankar) बुधवार यानी 13 मई को 5 विभिन्न देशों के विदेश मंत्रियों से मुलाकात करेंगे। सुबह 9:30 बजे चिली के विदेश मंत्री के साथ बैठक होगी। इसके बाद हैदराबाद हाउस में कई द्विपक्षीय मुलाकातें निर्धारित हैं; शाम 4 बजे मालदीव के विदेश मंत्री, 5:15 बजे दक्षिण अफ्रीका के विदेश मंत्री Ronald Lamola, 5:50 बजे ब्राजील के विदेश मंत्री और शाम 6:30 बजे रूस के विदेश मंत्री सर्जियो लावरोव के साथ विदेश मंत्री जयशंकर की बैठक होगी।
रूस, ब्राजील और दक्षिण अफ्रीका ये विदेश मंत्री भारत में आयोजित ब्रिक्स विदेश मंत्रियों के सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए नई दिल्ली पहुंचे हैं जबकि चिली और मालदीव के विदेश मंत्री द्विपक्षीय यात्रा के तहत भारत आए है।
विदेश मंत्री जयशंकर बैठक की अध्यक्षता करेंगे
भारत 14 और 15 मई को ब्रिक्स विदेश मंत्रियों की बैठक की मेजबानी करेगा। विदेश मंत्री एस. जयशंकर बैठक की अध्यक्षता करेंगे। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने आज नई दिल्ली में बताया कि ब्रिक्स के सदस्य और सहयोगी देशों के विदेश मंत्री और प्रतिनिधिमंडलों के प्रमुख बैठक में भाग लेंगे। उन्होंने यह भी बताया कि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे। जायसवाल ने कहा कि बैठक के दौरान ब्रिक्स सदस्य देशों के विदेश मंत्री आपसी हित के वैश्विक और क्षेत्रीय मुद्दों पर चर्चा करेंगे।
मालदीव गणराज्य की विदेश मंत्री भारत पहुंची
मालदीव गणराज्य की विदेश मंत्री इरुथिशम एडम तीन दिवसीय आधिकारिक दौरे पर मंगलवार को भारत पहुंची है। तय कार्यक्रमानुसार उनकी मुलाकात अपने भारतीय समकक्ष एस जयशंकर और वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल संग प्रस्तावित है। भारतीय विदेश मंत्रालय की ओर से जारी रिलीज के अनुसार, एडम 12-14 मई तक भारत में होंगी।
बुधवार शाम 4 बजे हैदराबाद हाउस में उनकी विदेश मंत्री एस जयशंकर से मुलाकात होगी। इसके बाद इसी दिन यानी 13 मई को वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल के साथ वाणिज्य भवन में अहम बैठक होगी।मालदीव के विदेश मंत्रालय ने भी इसे लेकर एक बयान जारी किया है। जिसके मुताबिक पदभार संभालने के बाद यह उनकी पहली आधिकारिक यात्रा है। उन्हें भारत आने का न्योता विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने दिया था। यात्रा का उद्देश्य द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत बनाना है।
