देश

भाजपा के जिस नेता ने राहुल गांधी को दी थी धमकी, उसके खिलाफ FIR दर्ज; वेणुगोपाल ने लिखा शाह को पत्र

एबीवीपी के पूर्व नेता महादेवन ने 26 सितंबर को एक मलयालम समाचार चैनल पर एक बहस के दौरान बांग्लादेश और नेपाल में हो रहे विरोध प्रदर्शनों पर चर्चा करते हुए यह टिप्पणी की थी। उन्होंने कथित तौर पर कहा कि भारत में इस तरह के विरोध प्रदर्शन संभव नहीं हैं, क्योंकि यहां के लोग प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ मजबूती से खड़े हैं। उन्होंने यह भी कहा कि अगर राहुल गांधी की ऐसी कोई इच्छा है, तो ‘‘गोली उनके सीने में दाग दी जाएगी।’’

Image

राहुल गांधी को जान से मारने की धमकी मामले में FIR दर्ज (फोटो- rahulgandhi)

भाजपा नेता और एबीवीपी के पूर्व पदाधिकारी प्रिंटू महादेवन के खिलाफ सोमवार को पुलिस ने मामला दर्ज किया। उन पर आरोप है कि उन्होंने एक टेलीविजन बहस के दौरान लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को गोली मारने की धमकी जैसी टिप्पणी की। अधिकारियों ने बताया कि शिकायत के आधार पर पेरामंगलम पुलिस थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है।

बहस के दौरान दिया विवादित बयान

महादेवन ने 26 सितंबर को एक मलयालम समाचार चैनल पर बांग्लादेश और नेपाल में हो रहे विरोध प्रदर्शनों पर चर्चा के दौरान कहा था कि भारत में इस तरह के आंदोलन संभव नहीं हैं, क्योंकि जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ खड़ी है। इसी क्रम में उन्होंने कथित तौर पर कहा कि यदि राहुल गांधी की ऐसी कोई इच्छा है, तो "गोली उनके सीने में दाग दी जाएगी।"

दर्ज धाराएं और कानूनी कार्रवाई

पुलिस ने महादेवन पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 192 (दंगा भड़काने के इरादे से उकसाना), धारा 353 (शांति भंग करने के इरादे से अपमान), और धारा 351(2) (आपराधिक धमकी) के तहत मामला दर्ज किया है।

कांग्रेस का विरोध

महादेवन की टिप्पणी के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सोमवार को पूरे केरल में विरोध प्रदर्शन किया। केरल प्रदेश कांग्रेस कमेटी (केपीसीसी) के सचिव श्रीकुमार सी.सी. ने इस मामले में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई थी। कांग्रेस महासचिव के.सी. वेणुगोपाल ने रविवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर कहा कि यह केवल किसी छोटे पदाधिकारी का गैर-जिम्मेदाराना बयान नहीं है, बल्कि गंभीर धमकी है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इस पर तत्काल और निर्णायक कार्रवाई नहीं होती, तो इसे मिलीभगत माना जाएगा।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article