Eye Flu News: देशभर में हो रही बारिश ने लोगों को गर्मी से राहत दी है, तो वहीं कई राज्यों में बारिश ने तबाही मचा रखी है। इस बीच आई फ्लू नाम की बीमारी ने बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक को शिकार बनाया है। इस संक्रमण से जुड़े कई मामले राजधानी दिल्ली और छत्तीसगढ़ से सामने आ रहे हैं। राज्य सरकार ने फैसला लिया है कि जो बच्चे इस बीमारी से ग्रसित हैं, उन्हें स्कूल ना बुलाया जाए। सरकार ने अपील की है कि इस मौसमी बीमारी के प्रति लोगों को जागरूक करें।
हर दिन एम्स दिल्ली में आ रहे हैं 100 केस
आंखों के संक्रमण आई फ्लू के मामलों में लगातार बढ़ोतरी देखी जा रही है। दिल्ली के अस्पतालों में सैकड़ों मामले आ रहे हैं। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) में रोजाना तकरीबन 100 मामले आ रहे हैं। एक मीडिया रिपोर्ट में ये बताया गया है कि आंखों में संक्रमण के बढ़ते मामलों को एम्स के आरपी सेंटर के प्रमुख डॉ. जेएस टिटियाल ने 'महामारी' करार दिया है। उन्होंने दावा किया है अगले कुछ दिनों तक मामलों में और वृद्धि देखी जा सकती है। आमतौर पर आई फ्लू के मामले मॉनसून में सामने आते हैं, जो काफी तेजी से फैलते हैं।
एक्सपर्ट ने बताया आई फ्लू से कैसे बचें
संक्रामक रोग कंजंक्टिवाइटिस एक-दूसरे के संपर्क में आने से तेजी से फैलता है। इसमें मरीजों को ये सलाह दी जाती है कि वे अपनी आंखों को ना छुएं। ऐसे मरीजों को किसी से हाथ मिलाने से बचना चाहिए। संक्रमित के आखों में देखने से भी यह बीमारी फैलती है, ऐसे में आई फ्लू के पीड़ितो से उचित दूरी बनाकर रखें। संक्रमण को रोकने के लिए सफाई का खास ध्यान रखना होता है।
किस तरह के लोग बनते हैं इसके शिकार?
ज्यादातर ऐसे लोग कंजक्टिवाइटिस यानी आई फ्लू की चपेट में आते हैं, जो आंख की समस्या से परेशान होते है। एक्सपर्ट्स का मानना है कि मौसम में नमी और उमस भरी गर्मी के चलते आई फ्लू के मरीजों की तादाद बढ़ती है। हर साल की तुलना में इस बार आई फ्लू के मरीजों की संख्या में काफी उछाल देखी गई है। माना जा रहा है कि इसके कुछ मुख्य कारण हो सकते हैं।
