देश

केरल में पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट; 13 लोगों की मौत,मास कैजुअल्टी प्रोटोकॉल लागू; पीएम मोदी ने जताया दुख

Explosion at Firecracker Factory: तमिलनाडु में हुए पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट के बाद केरल के त्रिशूर में ऐसी ही घटना सामने आई है। यहां एक पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट के बाद 13 लोगों की मौत हो गई है, करीब 8 लोग गंभीर रूप से घायल हैं।

Image

केरल के त्रिशूर में पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट।

Explosion at Firecracker Factory: केरल के त्रिशूर जिले में बड़ा हादसा हो गया। यहां मुंडथिकोडे इलाके में एक पटाखा फैक्ट्री में हुए जोरदार धमाके में 13 लोगों की मौत हो गई। वहीं, कई अन्य लोगों के गंभीर रूप से घायल होने की खबर है। केरल राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (केएसडीएमए) के अनुसार, 5 अन्य की हालत गंभीर बनी हुई है। विस्फोट के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई राहत और बचाव कार्य जारी है।

मौके पर थे 40 लोग

घटनास्थल पर पहुंचे एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, विस्फोट के समय यूनिट में करीब 40 लोग मौजूद थे। उस समय कर्मचारियों के लिए दोपहर का भोजन लाया गया था, जिससे अधिक संख्या में लोग एक साथ वहां थे। अधिकारी ने बताया कि इनमें से सात लोग किसी तरह मौके से भागने में सफल रहे।

प्रारंभिक जांच में पता चला है कि यह धमाका उस पटाखा इकाई में हुआ,जहां त्रिशूर पूरम के थिरुवंबाडी गुट के लिए आतिशबाजी के नमूने तैयार किए जा रहे थे। परिसर में बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री रखी हुई थी, जिसमें आग लगने के बाद जोरदार धमाका हुआ। शुरुआती रिपोर्ट में करीब 40 लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई, जिनमें से कम से कम आठ की हालत गंभीर बताई जा रही है।

कई किलोमीटर दूर तक सुनी गई धमाके की आवाज

धमाका इतना शक्तिशाली था कि इसकी आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनी गई। विस्फोट के बाद इलाके में आग और घना धुआं फैल गया, जिससे राहत कार्यों में भी दिक्कतें आईं। घटनास्थल के करीब स्थित राज्य संचालित केआईएलए के कर्मचारियों ने बताया कि उन्होंने तेज धमाके की आवाज सुनी, जिसे पहले भूकंप समझा गया। एक अधिकारी ने कहा कि बाहर निकलने पर उन्हें पता चला कि यह विस्फोट था।

यह हादसा ऐसे समय हुआ है जब त्रिशूर पूरम की तैयारियां अपने चरम पर हैं और एक दिन पहले ही ध्वजारोहण के साथ उत्सव की शुरुआत हुई थी। फिलहाल विस्फोट के सटीक कारणों की पुष्टि नहीं हो सकी है, लेकिन शुरुआती जांच में पटाखा सामग्री के भंडारण और हैंडलिंग में सुरक्षा मानकों की अनदेखी की आशंका जताई जा रही है।

पीएम मोदी ने जताया दुख

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस घटना पर गहरा दुख जताया है। पीएमओ ने ट्वीट कर कहा कि त्रिशूर में क्रैकर फैक्ट्री हादसे में हुई जनहानि से वे बेहद दुखी हैं। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। साथ ही उन्होंने मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की। प्रधानमंत्री कार्यालय ने X पर एक पोस्ट में कहा कि प्रधानमंत्री ने घोषणा की है कि प्रत्येक मृतक के परिजनों को पीएमएनआरएफ से 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।

स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज बोलीं- मास कैजुअल्टी प्रोटोकॉल लागू

वहीं, केरल की स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज ने भी इस हादसे पर प्रतिक्रिया और राहत बचाव अभियान के बारे में बताया है। उन्होंने कहा कि विस्फोट बेहद दुखद है और घायलों के इलाज के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। त्रिशूर मेडिकल कॉलेज,जनरल हॉस्पिटल और आसपास के अन्य अस्पतालों में इलाज की व्यवस्था की गई है। मेडिकल कॉलेज में “मास कैजुअल्टी प्रोटोकॉल” लागू कर दिया गया है और बर्न्स यूनिट को पूरी तरह तैयार रखा गया है।

आस-पास के जिलों से बुलाई जा रही विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम

उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग ने अतिरिक्त मेडिकल स्टाफ तैनात किया है,जबकि तिरुवनंतपुरम, एर्नाकुलम, कोट्टायम और कोझिकोड के मेडिकल कॉलेजों से विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम भी इलाज में मदद के लिए भेजी जा रही है। फिलहाल राहत और बचाव कार्य जारी है, जबकि विस्फोट के कारणों की जांच की जा रही है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।

Shiv Shukla
शिव शुक्ला author

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभ... और देखें

End of Article