देश

'अंतरिक्ष में अपार संभावनाएं...', टाइम्स नाउ के साथ सुनीता विलियम्स ने की खुलकर बात; बोलीं- मेरे लिए हर एक दिन था रोमांचक

Sunita Williams Exclusive: अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा से हाल में रिटायर हुईं भारतवंशी अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स ने अंतरराष्ट्रीय स्पेस स्टेशन पर तीन मिशन पूरे किए और अपने 27 वर्षीय करियर में उन्होंने कई कीर्तिमान स्थापित किए। अमेरिका में ओहायो में जन्मीं सुनीता विलियम्स के पिता दीपक पंड्या गुजराती थे और मेहसाणा जिले के झुलासण के रहने वाले थे, जबकि उनकी मां उर्सुलिन बोनी पंड्या स्लोवेनिया की थीं।

Image

भारतवंशी अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स

Photo : PTI

Sunita Williams Exclusive: अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा से हाल में रिटायर हुईं भारतवंशी अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स ने अंतरराष्ट्रीय स्पेस स्टेशन पर तीन मिशन पूरे किए और अपने 27 वर्षीय करियर में उन्होंने कई कीर्तिमान स्थापित किए। सुनीता विलियम्स 27 दिसंबर, 2025 को नासा की अंतरिक्ष यात्री के तौर पर रिटायर हुईं और अब वह भारत का दौरा कर रही हैं। इस दौरान उन्होंने टाइम्स नाउ के साथ एक्सक्लूसिव बातचीत की जिसमें उन्होंने अंतरिक्ष मिशन से लेकर भविष्य तक के विषय पर अपनी बात रखी।

सुनीता को स्पेस से है खास लगाव

टाइम्स नाउ के साथ बातचीत में सुनीता विलियम्स ने खुद को अंतरिक्ष यात्री बताते हुए कहा कि उन्हें अंतरिक्ष में रहना बेहद पसंद है। उन्होंने कहा, ''अंतरिक्ष अन्वेषण की संभावनाएं असाधारण हैं और आपकी कल्पना ही इसकी एकलौती सीमा है। उन्होंने बताया कि बचपन में उन्हें लगता था कि दुनिया में सब कुछ खोजा जा चुका है, लेकिन ऐसा बिल्कुल भी नहीं है। उन्होंने आगे कहा, ''दुनिया और ब्रह्मांड आज भी खोज के लिए खुले हैं।''

भविष्य में क्या करने वाली हैं सुनीता विलियम्स

जब सुनीता विलियम्स से रिटायरमेंट के बाद की योजनाओं को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि उनकी कोई निश्चित योजना नहीं है और इसी वजह से उन्हें भारत आने का अवसर मिला।

इस दौरान, जब उनसे अंतरराष्ट्रीय स्पेस स्टेशन के उस मिशन के बारे में पूछा गया, जो महज 8-10 दिनों का होना था, लेकिन बढ़कर 9 महीने (286) दिन तक चला तो इस पर उन्होंने कहा, ''मैं एक अंतरिक्ष यात्री हूं और मुझे अंतरिक्ष में रहना पसंद है।''

सुनीता विलियम्स ने अपने लंबे अंतरिक्ष प्रवास के बारे में बात करते हुए कहा, ''वह समय मेरे लिए बहुत कीमती था और मुझे पता था कि शायद मुझे दोबारा ऐसा मौका नहीं मिलेगा। हर दिन अलग होता है और हर दिन मजेदार होता है। इसलिए वैश्विक स्तर पर मेरी सोच कुछ ऐसी ही थी, लेकिन दैनिक आधार पर, हर दिन अलग होता है।"

'अंतरिक्ष में बिताया हर दिन रोमांचक था'

उन्होंने आगे कहा, "मेरा शेड्यूल ऐसा होता था कि मैं आज क्या कर रही हूं। कभी-कभी काम साधारण होता था, लेकिन कोई बात नहीं, क्योंकि इससे मुझे अपने दोस्तों और परिवार से बात करने का मौका मिलता था, लेकिन कभी-कभी विज्ञान से जुड़ी कोई अभूतपूर्व खोज होती थी, जैसे वाह, यह तो कमाल है, यह कुछ अलग है। मेरे लिए हर एक दिन वाकई रोमांचक था।''

Sunita Williams

भारतवंशी अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स

अंतरिक्ष यात्रियों को दिया खास संदेश

टाइम्स नाउ के साथ बातचीत में सुनीता विलियम्स ने युवा अंतरिक्ष यात्रियों को खास संदेश देते हुए कहा, ''आपकी कल्पना ही आपकी सीमा है। अपार संभावनाएं मौजूद हैं। जब मैं छोटी थी तो मुझे लगता था कि सब कुछ खोज लिया गया है, लेकिन यह सच नहीं है।''

सुनीता विलियम्स ने उन सभी लोगों का आभार जताया जिन्होंने उनके लिए प्रार्थना की और अंतरिक्ष में उनके अच्छे भविष्य की कामना की।

सुनीता के बेमिसाल 27 साल

अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा ने 20 जनवरी को जारी बयान में कहा था कि 27 वर्ष की सेवा के बाद नासा की अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स एजेंसी से रिटायर हो गईं और उनकी सेवानिवृत्ति 27 दिसंबर 2025 से प्रभावी हुई। विलियम्स ने अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर तीन मिशन पूरे किए और अपने करियर के दौरान मानव अंतरिक्ष उड़ान के कई रिकॉर्ड बनाए।

अमेरिकी नौसेना की पूर्व कैप्टन विलियम्स का जन्म 19 सितंबर 1965 को अमेरिका में ओहायो के यूक्लिड में हुआ था। उनके पिता दीपक पंड्या गुजराती थे और मेहसाणा जिले के झुलासण के रहने वाले थे, जबकि उनकी मां उर्सुलिन बोनी पंड्या स्लोवेनिया की थीं।

Sunita Williams

भारतवंशी अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स

विलियम्स ने अंतरिक्ष में कितने दिन गुजारे

सुनीता विलियम्स ने अंतरिक्ष में 608 दिन बिताए। यह नासा के किसी अंतरिक्ष यात्री द्वारा अंतरिक्ष में बिताए कुल समय के मामले में दूसरा स्थान है। अमेरिकी अंतरिक्ष यात्रियों द्वारा सबसे लंबी एकल अंतरिक्ष उड़ान भरने की सूची में वह छठे स्थान पर हैं। वह इस मामले में नासा के अंतरिक्ष यात्री बुच विलमोर के साथ संयुक्त रूप से छठे स्थान पर है।

9 स्पेकवॉक करने का गौरव किया हासिल

विलियम्स ने नौ 'स्पेसवॉक' (अंतरिक्ष में चहलकदमी) भी कीं जिनकी कुल अवधि 62 घंटे और छह मिनट रही। यह किसी महिला द्वारा सबसे अधिक समय तक 'स्पेसवॉक' का रिकॉर्ड है। कुल 'स्पेसवॉक' अवधि की सर्वकालिक सूची में उनका चौथा स्थान है। नासा ने कहा कि वह अंतरिक्ष में मैराथन दौड़ने वाली पहली व्यक्ति भी हैं।

Arpitha Ajayakumar
Arpitha Ajayakumarauthor

I’m Arpitha Ajayakumar, Senior reporter for times Network. Born in Kerala but being from a defence family, brought up in different parts of India. My love for my state’s politics and culture has brought me back to my roots. I cover everything from politics to sports and entertainment in God’s own country. If not on field, you will find me watching a Malayalam movie or playing with my puppy.

और पढ़ें
End of Article