इंडिगो विमान की इमरजेंसी लैंडिंग (प्रतीकात्मक तस्वीर-PTI)
IndiGo flight Bomb Threat: कुवैत से हैदराबाद जा रहे इंडिगो के एक विमान को मंगलवार को बम की धमकी भरे संदेश के बाद मुंबई डायवर्ट कर दिया गया और यहां इसकी सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग हुई। कुवैत से उड़ान भरने वाले इस विमान में बम होने की चेतावनी दी गई थी। बताया जा रहा है कि यह धमकी भरा संदेश एक ईमेल के जरिए आया और दिल्ली हवाई अड्डे को मिला था।
6E1234 कॉल साइन के तहत उड़ान भरने वाले इस विमान की आपातकालीन लैंडिंग के लिए, मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आपातकालीन प्रतिक्रिया दल सहित सुरक्षा दल को स्टैंडबाय पर रखा गया था। इंडिगो एयरलाइंस की ओर से आधिकारिक बयान का अभी इंतजार है।
FlightRadar24 के आंकड़ों के अनुसार, एयरबस A321-251NX विमान कुवैत से सुबह 1:56 बजे रवाना हुआ और सुबह 8:10 बजे महाराष्ट्र के मुंबई में उतरा।
इससे पहले 23 नवंबर को हैदराबाद के राजीव गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर बहरीन से हैदराबाद आ रही एक उड़ान में बम होने की धमकी मिली, जिसके बाद विमान को मुंबई की ओर मोड़ दिया गया था, जहां वह सुरक्षित उतर गया था। एक अधिकारी ने बताया कि अंततः यह धमकी एक अफवाह निकली। हवाई अड्डे को मिले धमकी भरे ईमेल में दावा किया गया था कि बहरीन से हैदराबाद आ रही उड़ान में बम रखा गया है। इसके बाद विमान को मुंबई की ओर मोड़ दिया गया था।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।