देश

'चुनाव की निष्पक्षता पर न उठे कोई सवाल', राहुल के आरोपों पर प्रशांत किशोर बोले- जवाब देना EC की जिम्मेदारी

Bihar Elections 2025: लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के महाराष्ट्र चुनाव को लेकर चुनाव आयोग पर सवाल उठाए जाने के बाद बिहार में बयानबाजियों का दौर जारी है। जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने कहा कि कांग्रेस देश की मुख्य विपक्षी पार्टी है और राहुल गांधी देश में विपक्ष के नेता हैं।

Image

जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर

Photo : PTI

Bihar Elections 2025: लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) के महाराष्ट्र चुनाव (Maharashtra Elections) को लेकर चुनाव आयोग (Elections Commission) पर सवाल उठाए जाने के बाद बिहार में बयानबाजियों का दौर जारी है। इस बीच, जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर (Prashant Kishor) ने इस पर कहा कि राहुल गांधी के इस बयान पर चुनाव आयोग को स्पष्टीकरण देना चाहिए।

प्रशांत किशोर ने दुर्गा मंदिर में की पूजा-अर्चना

दरअसल, जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर रविवार को 'बिहार बदलाव यात्रा' के तहत खगड़िया और बेगूसराय के एक दिवसीय दौरे पर हैं। उन्होंने सबसे पहले बेगूसराय के सिद्धपीठ बड़ी दुर्गा मंदिर में पूजा-अर्चना की और बिहार के बेहतर भविष्य की कामना की।

पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने हाल ही में हुए महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर राहुल गांधी द्वारा उठाए गए सवालों पर प्रतिक्रिया दी और कहा कि कांग्रेस देश की मुख्य विपक्षी पार्टी है और राहुल गांधी देश में विपक्ष के नेता हैं। अगर उन्होंने चुनाव आयोग की प्रक्रिया पर लिखित रूप से सवाल उठाए हैं तो विपक्ष के नेता के सवालों का जवाब देना चुनाव आयोग की जिम्मेदारी है।

प्रशांत किशोर ने क्या कुछ कहा?

उन्होंने कहा कि चुनाव की निष्पक्षता और शुचिता पर कोई सवाल न उठे, यह सुनिश्चित करना चुनाव आयोग की जिम्मेदारी है, इसलिए उन्हें अपना स्पष्टीकरण पेश करना चाहिए। प्रशांत किशोर ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि बिहार की स्थिति बदले, बच्चों के लिए शिक्षा हो, रोजगार हो, आने वाले समय में गरीबी, अशिक्षा और भ्रष्टाचार का अंत हो, बिहार देश के अग्रणी और विकसित राज्यों में शामिल हो, यही मेरी कामना है। बिहार में बच्चों की पढ़ाई और युवाओं को रोजगार हो, यही कामना हमने मां से की है।

इससे पहले राहुल गांधी ने महाराष्ट्र के नवंबर 2024 में हुए विधानसभा चुनाव में मैच फिक्सिंग जैसी धांधली का आरोप लगाया। राहुल गांधी के इस आरोप के बाद देश में राजनीति तेज हो गई है। लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी के दावों को चुनाव आयोग ने निराधार बताया है।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article