देश

दो वोटर कार्ड मामले में बुरे फंसे बिहार के डिप्टी सीएम विजय सिन्हा? चुनाव आयोग ने भेजा नोटिस

बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा पर दो-दो वोटर आईडी कार्ड रखने का आरोप लगा है। जिसे लेकर चुनाव आयोग न नोटिस जारी किया है।

Image

बिहार के डिप्टी सीएम विजय सिन्हा (फोटो- VijayKrSinhaBih)

बिहार के उप मुख्यमंत्री विजय सिन्हा को चुनाव आयोग ने नोटिस जारी किया है। विजय सिन्हा पर दो-दो वोटर आईडी कार्ड रखने का आरोप है। राजद नेता तेजस्वी यादव ने यह आरोप लगाया है। जिसके बाद चुनाव आयोग ने नोटिस जारी किया है।

14 अगस्त तक मांगा गया जवाब

निर्वाचन पदाधिकारी बांकीपुर ने उपमुख्यमंत्री को नोटिस जारी कर पूछा है कि आपका दो स्थानों पर वोटर लिस्ट में नाम है इस संबंध में आप जवाब दें।14 अगस्त तक उनसे जवाब मांगा गया है 14 अगस्त तक उनको जवाब देना है उसके बाद आगे की कार्रवाई होगी।

तेजस्वी यादव का आरोप

राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता तेजस्वी यादव ने रविवार को आरोप लगाया कि बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा के पास दो मतदाता पहचान पत्र हैं और उन्होंने पूछा कि सिन्हा के खिलाफ क्या कार्रवाई की गई। यादव ने पत्रकारों से कहा, ‘‘विजय कुमार सिन्हा दो अलग-अलग जिलों के दो अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों से मतदाता हैं। उनका नाम उसी जिले के लखीसराय विधानसभा क्षेत्र और पटना जिले के बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची में भी दर्ज है। उनके पास दो अलग-अलग मतदाता फोटो पहचान पत्र (ईपीआईसी) कार्ड हैं। हैरानी की बात यह है कि यह बिहार निर्वाचन आयोग द्वारा विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के बाद हुआ है। इसके लिए किसे जिम्मेदार ठहराया जाना चाहिए, सिन्हा को या निर्वाचन आयोग को? सिन्हा के खिलाफ क्या कार्रवाई की जा रही है? इस खुलासे के बाद वह (सिन्हा) अपने पद से कब इस्तीफा देंगे?’’

क्या बोले विजय सिन्हा

यादव के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए सिन्हा ने रविवार को संवाददाताओं से कहा, ‘‘पहले मेरे और मेरे परिवार के सदस्यों के नाम बांकीपुर विधानसभा सीट पर सूचीबद्ध थे। अप्रैल 2024 में मैंने लखीसराय से अपना नाम जोड़ने के लिए आवेदन किया था। मैंने बांकीपुर से अपना और अपने परिवार के सदस्यों का नाम हटाने के लिए एक फॉर्म भी भरा था। मेरे पास सबूत हैं। किसी कारण से मेरा नाम बांकीपुर से नहीं हटाया गया और यह मसौदा मतदाता सूची में दिखाई दे रहा है। मैंने बूथ स्तर के अधिकारी को फोन किया और एक लिखित आवेदन दिया तथा बांकीपुर से अपना नाम हटाने की रसीद ली। मेरे पास दोनों दस्तावेज हैं।’’

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article