देश

'वोट चोरी' मामले में राहुल गांधी को चुनाव आयोग ने भेजा नोटिस, फर्जी दस्तावेज का शक, मांगा जवाब

राहुल गांधी के आरोपों पर कर्नाटक के मुख्य चुनाव अधिकारी ने जांच शुरू कर दी है। जिसमें बेंगलुरु की वोटर शकुन रानी के बयान के आधार पर राहुल गांधी को चुनाव आयोग ने नोटिस भेजा है।

Image

बेंगलुरु की वोटर शकुन रानी के बयान के आधार पर राहुल को नोटिस (फोटो- PTI)

कर्नाटक के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने लोकसभा नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी को नोटिस जारी कर 07.08.2025 को नई दिल्ली में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में नेता प्रतिपक्ष द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच के लिए दस्तावेज मांगे हैं। आयोग ने कहा राहुल ने PC में अनाधिकारिक दस्तावेज दिखाए हैं।

राहुल गांधी को चुनाव आयोग ने भेजा नोटिस

कर्नाटक के शीर्ष चुनाव अधिकारी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी से उन दस्तावेजों को साझा करने को कहा, जिनके आधार पर उन्होंने दावा किया था कि एक महिला ने दो बार मतदान किया। नोटिस में लिखा है, "...इस कार्यालय द्वारा की गई प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि आपके द्वारा प्रस्तुत प्रस्तुतिकरण (संलग्न प्रति) में दिखाया गया सही का निशान वाला दस्तावेज मतदान अधिकारी द्वारा जारी किया गया दस्तावेज नहीं है। इसलिए, आपसे अनुरोध है कि वे प्रासंगिक दस्तावेज उपलब्ध कराएं, जिनके आधार पर आपने यह निष्कर्ष निकाला है कि श्रीमती शकुन रानी या किसी अन्य ने दो बार मतदान किया है, ताकि इस कार्यालय द्वारा विस्तृत जांच की जा सके।"

शकुन रानी ने किया एक बार मतदान- चुनाव आयोग

गांधी ने पिछले सप्ताह संवाददाता सम्मेलन में ये दस्तावेज दिखाए थे। नोटिस में कहा गया, ‘‘आपने (राहुल गांधी) यह भी कहा है कि मतदान अधिकारी द्वारा दिए गए रिकॉर्ड के अनुसार, श्रीमती शकुन रानी ने दो बार मतदान किया था... पूछताछ करने पर, श्रीमती शकुन रानी ने बताया है कि उन्होंने केवल एक बार मतदान किया है, दो बार नहीं, जैसा कि आपने आरोप लगाया है।’’

हरियाणा से भी मिला नोटिस

हरियाणा राज्य चुनाव आयोग ने भी राहुल गांधी को नोटिस भेजा है और 10 दिन के अंदर जवाब मांगा है। हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने लोकसभा के नेता राहुल गांधी को पत्र लिखकर उनसे अनुरोध किया है कि वे हस्ताक्षरित घोषणा/शपथ दस (10) दिनों के भीतर कार्यालय को वापस कर दें, ताकि जनप्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 और मतदाता पंजीकरण नियम, 1960 के प्रावधानों के अनुसार आवश्यक कार्यवाही शुरू की जा सके।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article