देश

'पिनराई विजयन के आवास पर ED टीम पर हमला था पूर्व नियोजित'; हाईकोर्ट में केंद्रीय एजेंसी का दावा, लगाए गंभीर आरोप

ईडी ने आरोप लगाया कि केरल के पूर्व सीएम पिनरई विजयन के आवास पर जांच के दौरान हमला हिंसक,पूर्व नियोजित और राजनीतिक रूप से समन्वित था। जिसमें खतरनाक हथियारों का भी इस्तेमाल किया गया। एजेंसी ने अदालत को बताया कि इस मामले में करीब 300 लोगों को आरोपी बनाया गया है।

Image

ईडी की कार्रवाई

केरल के पूर्व सीएम पिनरई विजयन के आवास पर जांच के दौरान ईडी अधिकारियों पर हमले के मामले में ईडी ने केरल हाईकोर्ट में जवाब दाखिल किया है। इसमें जांच एजेंसी ने कहा है कि मई 2026 में उसके अधिकारियों पर हुआ हमला कोई अचानक हुई घटना नहीं थी,बल्कि पूरी तरह से समन्वित, सुनियोजित और राजनीतिक रूप से संगठित हमला था। एजेंसी ने यह दलील एक आरोपी की जमानत याचिका का विरोध करते हुए अदालत में दाखिल हलफनामे में दी।

ईडी ने लगाया आरोप

ईडी ने अपने हलफनामे में बताया कि 27 मई को पूर्व मुख्यमंत्री पिनराई विजयन के आवास पर कई घंटे तक चली तलाशी कार्रवाई पूरी होने के बाद जब अधिकारी लौट रहे थे। तभी भीड़ ने उनके वाहनों पर हमला कर दिया। इस घटना में एक चालक, एक सीआरपीएफ जवान और टीम का एक सदस्य घायल हो गया था। एजेंसी ने अपने हलफनामे में कहा कि हमला केवल तलाशी का विरोध करने के लिए नहीं था,बल्कि उसका उद्देश्य जांच में बाधा डालना,सरकारी अधिकारियों को उनके वैधानिक कर्तव्यों के निर्वहन से रोकना, जांच अधिकारियों को डराना और आपराधिक न्याय प्रक्रिया को प्रभावित करना था।

ईडी ने आरोप लगाया कि यह हिंसक,पूर्व नियोजित और राजनीतिक रूप से समन्वित हमला था। जिसमें खतरनाक हथियारों का भी इस्तेमाल किया गया। एजेंसी ने अदालत को बताया कि इस मामले में करीब 300 लोगों को आरोपी बनाया गया है। इनमें से कई अब भी फरार हैं या उनकी पहचान नहीं हो सकी है। इसके अलावा कई गवाहों के बयान अभी दर्ज होने बाकी हैं। ऐसे में आरोपी को जमानत दिए जाने से जांच प्रभावित हो सकती है।

क्या है मामला?

ईडी ने यह तलाशी पिनराई विजयन की बेटी टी.वीणा और उनकी कंपनी Exalogic Solutions के वित्तीय लेन-देन की जांच के सिलसिले में की थी। जांच एजेंसियों का आरोप है कि 2017 से 2020 के बीच कोचिन मिनरल्स एंड रूटाइल लिमिटेड (CMRL) ने आईटी और कंसल्टेंसी सेवाओं के नाम पर वीणा की कंपनी को भुगतान किया,जबकि कथित तौर पर कोई सेवा प्रदान नहीं की गई। हालांकि,टी.वीणा और CMRL ने इन आरोपों से इनकार करते हुए कहा है कि यह पूरी तरह वैध व्यावसायिक लेन-देन था। मामला फिलहाल जांच और न्यायिक प्रक्रिया के अधीन है।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!