देश

रान्या राव गोल्ड स्मग्लिंग मामले में अब ED का भी एक्शन, बेंगलुरु सहित कई जगहों पर छापेमारी

ईडी ने गुरुवार को रान्या राव सोना तस्करी रैकेट से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग जांच के तहत बेंगलुरु और कुछ अन्य जगहों पर कई ठिकानों पर छापेमारी की।

Image

ED की छापेमारी

Ranya Rao Gold Smuggling Case: रान्या राव सोना तस्करी मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने भी कार्रवाई शुरू कर दी है। ईडी ने गुरुवार को रान्या राव सोना तस्करी रैकेट से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग जांच के तहत बेंगलुरु और कुछ अन्य जगहों पर कई ठिकानों पर छापेमारी की। इस मामले में कर्नाटक में डीआरआई ने अभिनेत्री को गिरफ्तार किया था।

सूत्रों ने कहा कि हाल ही में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) की एफआईआर और राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) के एक मामले का संज्ञान लेते हुए धन शोधन निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है, जिसमें अभिनेत्री रान्या राव को गिरफ्तार किया गया था। उन्होंने कहा कि बेंगलुरु सहित कर्नाटक में कई स्थानों पर तलाशी ली जा रही है।

12.56 करोड़ रुपये मूल्य की सोने की बिस्किट जब्त

सोना तस्करी मामले में गिरफ्तार कन्नड अभिनेत्री हर्षवर्धिनी रान्या उर्फ रान्या राव को सोमवार को आर्थिक अपराधों की एक विशेष अदालत ने 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था। अभिनेत्री पूछताछ के लिए तीन दिनों तक डीआरआई की हिरासत में थीं। डीआरआई अधिकारियों ने सोमवार को उन्हें अदालत में पेश किया जहां वह रो पड़ीं। डीआरआई ने कहा कि उसने यहां केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर रान्या राव से 12.56 करोड़ रुपये मूल्य की सोने की बिस्किट जब्त किए हैं।

राव भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के वरिष्ठ अधिकारी रामचंद्र राव की सौतेली बेटी हैं। डीजीपी रैंक के अधिकारी रामचंद्र राव वर्तमान में कर्नाटक राज्य पुलिस आवास और अवसंरचना विकास निगम लिमिटेड के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक के रूप में कार्यरत हैं। रामचंद्र राव की भूमिका की जांच के लिए कर्नाटक सरकार ने अतिरिक्त मुख्य सचिव (एसीएस) गौरव गुप्ता को नियुक्त किया है।

रान्या केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर गिरफ्तार

केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर रान्या के पास से 12.56 करोड़ रुपये मूल्य का सोना जब्त किया गया था, जिसके बाद उनके आवास की तलाशी ली गई और अधिकारियों ने कहा कि 2.06 करोड़ रुपये के सोने के आभूषण और 2.67 करोड़ रुपये की भारतीय मुद्रा भी बरामद की गई। सरकारी आदेश में कहा गया है, प्रोटोकॉल संबंधी सुविधाओं का लाभ उठाने के तथ्यों और परिस्थितियों की जांच और इस मामले में भारतीय पुलिस सेवा कैडर के राज्य के पुलिस महानिदेशक, एवं कर्नाटक राज्य पुलिस आवास एवं अवसंरचना निगम के प्रबंध निदेशक रामचंद्र राव की भूमिका की जांच के लिए एसीएस गौरव गुप्ता को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें