देश

राज कुंद्रा को पोर्नोग्राफी मामले में ईडी का दूसरा समन, 4 दिसंबर को पेश होने का दिया आदेश

Raj Kundra Pornography Case: राज कुंद्रा की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। पोर्नोग्राफी मामले में राज कुंद्रा को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) का दूसरा समन जारी हुआ है। उन्हें 4 दिसंबर को पेश होने के लिए कहा गया है। मुंबई पुलिस ने फरवरी 2021 में एक पॉर्न रैकेट का भंडाफोड़ किया था।

Image

ईडी ने राज कुंद्र को भेजा समन।

ED Issues Second Summons to Raj Kundra: पोर्नोग्राफी मामले में सोमवार को प्रवर्तन निदेशालय ईडी ने राज कुंद्रा को एक और समन भेजा है। केंद्रीय एजेंसी ने उन्हें 4 दिसंबर को ईडी के अधिकारी के समक्ष पेश होने के लिए कहा है। राज कुंद्रा को सोमवार को ईडी के समक्ष पूछताछ के लिए हाजिर होने के लिए पहले ही समन भेजा गया था, लेकिन वह उपस्थित नहीं हुए। उन्होंने ईडी से कुछ अतिरिक्त समय की मांग की थी, जिसे ईडी ने स्वीकार करते हुए उन्हें अब 4 दिसंबर को फिर से तलब किया है।

राज कुंद्रा समेत इन लोगों को ईडी ने भेजा समन

इससे पहले रविवार को ईडी ने बिजनेसमैन राज कुंद्रा, एक्ट्रेस गहना वशिष्ठ समेत कई संदिग्धों को समन भेजा था। इन सभी को इस सप्ताह ईडी के समक्ष जांच के लिए पेश होने का आदेश दिया गया है। ईडी के अधिकारियों ने शनिवार को जुहू स्थित राज कुंद्रा के आवास पर तलाशी के बाद इन सभी को समन जारी किया है।

जानकारी के अनुसार, यह तलाशी अभियान पोर्नोग्राफी से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग की जांच के सिलसिले में ली गई थी। एजेंसी का कहना है कि वह विभिन्न ऐप्स और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से अश्लील सामग्री के निर्माण और वितरण से जुड़ी संदिग्ध गतिविधियों की जांच कर रही है।

पोर्नोग्राफिक कंटेंट को वितरित करने का है आरोप

राज कुंद्रा पर आरोप है कि उन्होंने पोर्नोग्राफिक कंटेंट को ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए वितरित किया था, जिससे मनी लॉन्ड्रिंग की गतिविधियां हो रही थीं। इस मामले में गहना वशिष्ठ और कई अन्य के नाम भी सामने आ चुके हैं, जिनसे ईडी पूछताछ करेगी। जांच में यह भी देखा जा रहा है कि इस रैकेट से जुड़े लोग अश्लील सामग्री के उत्पादन और उसके वितरण से बड़ी रकम कमा रहे थे। ईडी द्वारा की जा रही जांच में कई अन्य प्रमुख लोगों के नाम भी सामने आने की संभावना है।

मुंबई पुलिस ने फरवरी 2021 में एक पॉर्न रैकेट का भंडाफोड़ किया था। मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच ने फरवरी में अश्लील फिल्में बनाने और उन्हें अलग-अलग ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज करने का एक केस दर्ज किया था। इसके बाद से पुलिस एक्टिव हो गई थी और अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी कर रही थी। इस दौरान पुलिस के हत्थे चार लोग चढ़े। उनसे पूछताछ हुई तो राज कुंद्रा का नाम सामने आया। उसी के आधार पर राज कुंद्रा को गिरफ्तार किया गया। राज कुंद्रा पर मॉडल पूनम पांडे, अभिनेत्री और मॉडल शर्लिन चोपड़ा, अभिनेत्री सागरिका शोना सुमन ने भी कई गंभीर आरोप लगाए थे।

(इनपुट- IANS)

Ayush Sinha
आयुष सिन्हाauthor

मैं टाइम्स नाउ नवभारत (Timesnowhindi.com) से जुड़ा हुआ हूं। कलम और कागज से लगाव तो बचपन से ही था, जो धीरे-धीरे आदत और जरूरत बन गई। मुख्य धारा की पत्रकारिता से जुड़े हुए 10 साल पूरे हो चुके हैं। लोकसभा चुनाव 2014 से पहले ही मैंने पत्रकारिता की पढ़ाई के बीच में ही देश की राजधानी दिल्ली आने की ठान ली थी। उससे पहले मैंने कभी ये सोचा तक नहीं था कि मैं बनारस बोले तो वाराणसी शहर से बाहर भी जा सकता हूं। जी हां, मेरा नाता काशी से है। जन्म के साथ-साथ शिक्षा दीक्षा भी बनारस में ही हुई। राष्ट्रपिता मोहनदास करमचंद गांधी (बापू) द्वारा स्थापित किए गए विश्वविद्यालय- 'महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ' से मैंने पत्रकारिता में स्नातक किया है। ग्रेजुएशन के दौरान ही विश्वविद्यालय के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के अध्यापकों ने बड़ी ही सख्ती से मेरी नक्काशी करने की कोशिश की। ग्रेजुएशन के आखिरी वर्ष आते-आते मैंने दिल्ली की ट्रेन पकड़ी और यहां पहुंच गया। आव देखा न ताव, दिल्ली NCR में बड़े-बड़े मीडिया समूहों के दफ्तरों के बाहर अपना बायोडेटा डाल कर प्रयास में जुट गया। काफी धैर्य के बाद ZEE मीडिया समूह से जुड़ने का मौका मिला। मेरे पत्रकारिता के सफर की शुरुआत टेलीविजन के इनपुट डिपार्टमेंट से हुई। यहां मैं असाइनमेंट डेस्क पर था। कुछ महीनों तक खुद को इस समूह के साथ जोड़े रखने के बाद वर्ष 2015 में मैंने प्रिंट मीडिया का रुख कर लिया और ALL RIGHTS नाम की मैगज़ीन के साथ जुड़ गया। बतौर विशेष संवाददाता (Special Correspondent) मेरे कंधों पर बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई थी। मैं उन दिनों देशभर के अलग-अलग लोकसभा क्षेत्र के सांसदों, केंद्रीय मंत्रियों और दिल्ली सरकार के विधायकों और मंत्रियों का साक्षात्कार करता था। मैगज़ीन के संपादकीय पृष्ठ के लिए मैं लेख भी लिखता था। राजनीतिक खबरों से लगाव होने के चलते मैंने इस बीट को ही अपना हमसाया बना लिया। मैगजीन के बाद फिर टेलीविजन का रुख किया और इसी साल दोबारा ज़ी मीडिया से जुड़ गया। यहां साढ़े 3 सालों तक काम करने के बाद मैंने डिजिटल मीडिया में कदम रखने की ठान ली। रिपब्लिक भारत की लॉन्चिंग से पहले मुझे इसकी वेबसाइट से जुड़ने का मौका मिला। रिपब्लिक से जुड़ने के साथ ही मैंने दिल्ली छोड़कर मुंबई का रुख कर लिया। समंदर किनारे बसे इस शहर में मैंने डिजिटल पत्रकारिता के गुर को सीखा। इस संस्थान में मुझे रिपोर्टर के तौर पर मौका दिया था। कुछ ही महीने बाद मैं वापस दिल्ली आ गया और मैंने न्यूज़ वर्ल्ड इंडिया में एसोसिएट प्रोड्यूसर और रिपोर्टर की भूमिका में काम किया। चंद महीने बाद ही ज़ी मीडिया समूह के डिजिटल प्लेटफॉर्म पर काम करने का अवसर मिला। ज़ी हिन्दुस्तान के लिए मैंने स्पेशल खबरों पर काम किया और इस समूह का पहला डिजिटल रिपोर्टर बन गया। इसके बाद मुझे वीडियो सेक्शन का हेड बना दिया गया। मैंने चुनावी कवरेज की, ग्राउंड रिपोर्टिंग की और साथ ही साथ वीडियो सेक्शन को नए शिखर पर पहुंचाने की कोशिश की। मैं कविताएं और किस्से-कहानियां भी लिखता रहता हूं। पढ़ाई के दौरान ही मैंने दो किताबें भी लिखी, एक नॉवेल और दूसरी पोएट्री बुक। पत्रकारिता में रहते हुए मैंने कई "स्टिंग ऑपरेशन" भी किए। मेरे सफर को और भी खूबसूरत बनाने के लिए टाइम्स समूह ने मुझे मौका दिया। मैं जुलाई, 2023 में इस संस्थान से जुड़ा और मुझे मेन डेस्क पर खबरों से दो-चार होते रहने की जिम्मेदारी सौंपी गई। राजनीतिक विश्लेषण के साथ विस्तार से खबरों को परोसता हूं और अपने पाठकों को कुछ नया देने का प्रयास करता हूं।

और पढ़ें
End of Article