देश

अफ्रीका में इबोला संकट के बीच भारत अलर्ट, DGCA ने एयरलाइंस के लिए जारी की सख्त SOP

संदिग्ध मरीज मिलने की स्थिति में DGCA ने विस्तृत प्रोटोकॉल तय किए हैं। यदि किसी यात्री में इबोला जैसे लक्षण दिखते हैं, तो उसे विमान के पिछले हिस्से में अलग बैठाया जाएगा।

Image

इबोला वायरस।

अफ्रीका के कुछ हिस्सों में इबोला वायरस के बढ़ते खतरे को देखते हुए भारत ने एहतियाती कदम तेज कर दिए हैं। नागरिक उड्डयन महानिदेशालय यानी DGCA ने एयरलाइंस के लिए स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (SOP) जारी किया है। इसमें विमानन नियामक ने उड़ानों में विशेष घोषणाएं करने, यात्रियों से सेल्फ-डिक्लेरेशन फॉर्म भरवाने और संदिग्ध मामलों के लिए अलग प्रोटोकॉल अपनाने के निर्देश दिए हैं।

DGCA ने इनमें कहा है कि युगांडा और कांगो से सीधे या अप्रत्यक्ष रूप से जुड़े सभी यात्रियों के लिए सेल्फ-डिक्लेरेशन फॉर्म भरना अनिवार्य होगा। यह फॉर्म यात्रियों को विमान से उतरने से पहले भरना होगा और आगमन पर निर्धारित काउंटर पर जमा करना होगा।

विशेष घोषणा करने को कहा

नियामक ने एयरलाइंस को उड़ान के दौरान विशेष घोषणा करने के लिए भी कहा है। इसमें यात्रियों को बताया जाएगा कि यदि उन्हें बुखार, कमजोरी, मांसपेशियों में दर्द, सिरदर्द, गले में खराश, उल्टी, दस्त, त्वचा पर चकत्ते या रक्तस्राव जैसे लक्षण महसूस हों तो वे तुरंत विमान कर्मियों और भारत पहुंचने पर मेडिकल यूनिट को सूचित करें।

एडवाइजरी में और क्या?

DGCA की 22 मई की एडवाइजरी के अनुसार, सभी यात्रियों और क्रू सदस्यों को चाहे उनकी राष्ट्रीयता कुछ भी हो सेल्फ-डिक्लेरेशन फॉर्म भरना होगा।

संदिग्ध मरीजों के संदर्भ में प्रोटोकॉल हुए तय

संदिग्ध मरीज मिलने की स्थिति में DGCA ने विस्तृत प्रोटोकॉल तय किए हैं। यदि किसी यात्री में इबोला जैसे लक्षण दिखते हैं, तो उसे विमान के पिछले हिस्से में अलग बैठाया जाएगा। साथ ही संभव होने पर उसके आगे की तीन पंक्तियां और आसपास की सीटें खाली रखी जाएंगी ताकि संक्रमण फैलने का खतरा कम हो।

इसके अलावा, ऐसे विमानों को एयरपोर्ट पर अलग निर्धारित बे में पार्क करने का निर्देश दिया गया है। एयरलाइंस को पर्याप्त मात्रा में ट्रिपल-लेयर मास्क, डिस्पोजेबल ग्लव्स, PPE किट, हैंड सैनिटाइजर और बायो-हैजर्ड डिस्पोजल बैग रखने के लिए भी कहा गया है। DGCA ने स्पष्ट किया कि इनका इस्तेमाल लक्षण वाले यात्रियों और उनके संपर्क में आए लोगों के लिए किया जाएगा।

कांगो और युगांडा से विमानन सेवाएं देने वाली कंपनियां कौन-कौन?

कांगो से यात्रियों को लाने वाली एयरलाइंस की सूची में Air India, IndiGo, Akasa Air, Emirates, Air France, Etihad Airways और Egyptair समेत 13 एयरलाइंस शामिल हैं। वहीं युगांडा से यात्रियों को लाने वाली 17 एयरलाइंस की सूची में एयर इंडिया, इंडिगो और KLM जैसी कंपनियां शामिल हैं।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने की समीक्षा

इस बीच केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने सोमवार को कहा कि भारत में अब तक इबोला का कोई मामला सामने नहीं आया है। उन्होंने देश में संभावित संक्रमण को रोकने के लिए तैयारियों और निगरानी व्यवस्था की समीक्षा भी की।

इबोला अलर्ट के बीच अहमदाबाद एयरपोर्ट पर सख्त हेल्थ प्रोटोकॉल लागू

अहमदाबाद के सरदार वल्लभभाई पटेल इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर इबोला वायरस को लेकर एहतियाती कदम तेज कर दिए गए हैं। पब्लिक हेल्थ इमरजेंसी ऑफ इंटरनेशनल कंसर्न (PHEIC) की स्थिति को देखते हुए एयरपोर्ट अथॉरिटी ने सभी एयरलाइंस और संबंधित एजेंसियों को सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

एयरपोर्ट के अराइवल एरिया में 24 घंटे हेल्थ वर्कर्स तैनात रहेंगे। सभी संबंधित एजेंसियों को संक्रमण रोकथाम और कंट्रोल प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन करने को कहा गया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि किसी भी स्थिति में हेल्थ वर्कर्स या यात्रियों को संक्रमण का जोखिम नहीं होना चाहिए।

निर्देशों में यह भी कहा गया है कि भविष्य में Air Suvidha Portal को फिर से ऑपरेशनल किया जा सकता है। तब तक सभी एयरलाइंस को SDF फॉर्म की प्रक्रिया बिना किसी चूक के जारी रखनी होगी।

जो एयरलाइंस DGCA की Annexure-1 सूची में शामिल नहीं हैं, उन्हें भी सभी यात्रियों से प्री-अराइवल SDF फॉर्म लेने की सलाह दी गई है। खासकर Category-1, Category-2 और Category-3 यात्रियों के लिए यह प्रक्रिया अनिवार्य रखने को कहा गया है, ताकि किसी भी संभावित इबोला संक्रमण की ट्रेसिंग आसानी से की जा सके।

(अहमदाबाद से ध्रुव संचानिया के इनपुट के साथ)

Shiv Shukla
शिव शुक्ला author

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभ... और देखें

End of Article