देश

उत्तर प्रदेश में भाजपा के खराब प्रदर्शन के लिए मोदी, योगी को दोष न दें, चुनाव परिणाम लापरवाही का नतीजा...बोलीं उमा भारती

उमा भारती ने कहा कि उत्तर प्रदेश में लोकसभा चुनाव के नतीजों के लिए मोदी और योगी को दोषी ठहराना सही नहीं है। छह दिसंबर 1992 को बाबरी ढांचा ढहाए जाने के बाद भी भाजपा हार गई थी।

Image

उमा भारती

Photo : PTI

Uma Bharti: भारतीय जनता पार्टी की नेता उमा भारती ने शनिवार को कहा कि लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में पार्टी के खराब प्रदर्शन के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को दोष नहीं दिया जाना चाहिए। पूर्व केंद्रीय मंत्री ने यहां कहा कि बाबरी मस्जिद के विध्वंस के बाद भी पार्टी ने राज्य में खराब प्रदर्शन किया था। भाजपा ने 2024 के लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश की 80 लोकसभा सीटों में से केवल 33 सीटें जीती हैं और पूर्ण बहुमत से चूक गई।

कहा, 6 दिसंबर 1992 के बाद भी भाजपा हारी थी

उमा भारती ने शिवपुरी में पत्रकार के सवाल का जवाब देते हुए कहा, उत्तर प्रदेश में लोकसभा चुनाव के नतीजों के लिए मोदी और योगी को दोषी ठहराना सही नहीं है। छह दिसंबर 1992 को बाबरी ढांचा ढहाए जाने के बाद भी भाजपा हार गई थी। इसके बावजूद हमने अयोध्या में राम मंदिर को अपने एजेंडे से नहीं हटाया...हमने अयोध्या को कभी वोट से नहीं जोड़ा। इसी तरह अब हम मथुरा-काशी (धार्मिक स्थलों को लेकर विवाद) को वोट से नहीं जोड़ रहे हैं।

हिंदू समुदाय की प्रकृति को समझने की जरूरत

एक अन्य सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि हिंदू समुदाय की प्रकृति को समझने की जरूरत है जो सामाजिक व्यवस्था को धर्म से नहीं जोड़ता। भाजपा नेता ने दावा किया कि यह इस्लामिक समाज है जो सामाजिक और धार्मिक व्यवस्था को जोड़कर काम करता है। इसलिए वे सामाजिक व्यवस्था के अनुसार वोट करते हैं। भारती ने कहा कि उत्तर प्रदेश के नतीजों का मतलब यह नहीं है कि लोगों की भगवान राम के प्रति भक्ति कम हो गई है।

चुनाव परिणाम लापरवाही का नतीजा

उन्होंने कहा, हमें यह अहंकार नहीं करना चाहिए कि हर राम भक्त भाजपा को वोट देगा। हमें यह नहीं सोचना चाहिए कि जो हमें वोट नहीं देता, वह राम भक्त नहीं है। यह (चुनाव परिणाम) किसी लापरवाही का नतीजा है और कुछ नहीं। उन्होंने कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू के साथ केंद्र में गठबंधन सरकार चलाना मुश्किल नहीं होगा, क्योंकि अतीत में भाजपा ने उनके साथ सहयोगी के रूप में सफलतापूर्वक सरकारें चलाई हैं। इससे पहले दिन में भारती ने ग्वालियर से भोपाल जाते समय शिवपुरी में स्थानीय भाजपा नेताओं से मुलाकात की। (Bhasha input)

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article