महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) प्रमुख राज ठाकरे ने मंगलवार को पार्टी सदस्यों और पदाधिकारियों को निर्देश जारी करके उन्हें मीडिया से बात करने या सोशल मीडिया मंचों पर व्यक्तिगत प्रतिक्रिया पोस्ट करने से रोक दिया।ठाकरे ने कहा कि पार्टी के आधिकारिक प्रवक्ताओं को भी उनकी (राज ठाकरे की) पूर्व अनुमति के बिना मीडिया से बात नहीं करनी चाहिए।
महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) प्रमुख राज ठाकरे ने सभी पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं को उनकी अनुमति के बिना मीडिया से बात न करने का निर्देश दिया है। यह निर्देश एक फूड स्टॉल मालिक पर मराठी में बात न करने पर हुए हमले से उपजे विवाद के बाद दिया गया है। ठाकरे ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि मनसे में किसी को भी सोशल मीडिया पर वीडियो या प्रतिक्रियाएं पोस्ट नहीं करनी चाहिए। ठाकरे ने कहा कि जिन मनसे नेताओं और सदस्यों को मीडिया से बात करने का काम सौंपा गया है, वे किसी भी तरह का संवाद करने से पहले उनकी अनुमति लें। उन्होंने कहा कि मनसे का कोई भी व्यक्ति सोशल मीडिया पर अपनी राय व्यक्त नहीं कर सकता।
उनका यह निर्देश, तीन दिन पहले ही मुंबई में अपने चचेरे भाई उद्धव ठाकरे के साथ 'आवाज मराठीचा' नामक विजय समारोह में मंच साझा करने के बाद आया है।
यह समारोह देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व वाली राज्य सरकार द्वारा राज्य के विद्यालयों में कक्षा एक से हिंदी को तीसरी भाषा के रूप में लागू करने संबंधी दो सरकारी प्रस्तावों को वापस लेने के मद्देनजर आयोजित किया गया था।
हाल ही में, राज ठाकरे और मनसे की काफी आलोचना हुई थी, जब उनके पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा एक उत्तर भारतीय दुकानदार को मराठी बोलने के लिए मजबूर करने और ऐसा न करने पर उसकी पिटाई करने का वीडियो वायरल हुआ था।
