Disha Salian Case: दिशा सालियान की मौत के मामले में महाराष्ट्र की राजनीति एक बार फिर गरमा गई है। शिवसेना (UBT) के वरिष्ठ नेता और सांसद संजय राउत (Sanjay Raut) ने दिशा के पिता सतीश सालियान (Satish Salian) द्वारा पूर्व मंत्री आदित्य ठाकरे (Aaditya Thackeray) को 500 करोड़ रुपये का मानहानि नोटिस देने के प्रयास को विशुद्ध रूप से पब्लिसिटी स्टंट करार दिया है। राउत ने कहा कि दिशा सालियान की मौत बेहद दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण थी, लेकिन उनके पिता द्वारा उद्धव ठाकरे के निवास 'मातोश्री' पहुंचकर इस तरह का तमाशा खड़ा करना बेहद निराशाजनक है।
सतीश सालियान शनिवार को 'मातोश्री' (Matoshree Defamation Notice) पहुंचे थे और उन्होंने आरोप लगाया था कि आदित्य ठाकरे ने उनकी और उनकी मृत बेटी की मानहानि की है। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए संजय राउत ने कहा कि शिवसेना (उबाठा) दिशा की मौत से दुखी है, लेकिन उनके पिता का यह आचरण दुख नहीं बल्कि राजनीति से प्रेरित लगता है। राउत ने इशारा किया कि सतीश सालियान खुद यह सब नहीं कर रहे, बल्कि उन्हें पीछे से कोई और नियंत्रित कर रहा है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें: आडवाणी-जयशंकर से लेकर एसएस संधू तक को चुनाव आयोग का नोटिस, दिल्ली की वोटर लिस्ट में गड़बड़ी? 33 लाख नाम शामिल
बिना नाम लिए राउत ने दावा किया कि इस पूरी साजिश के पीछे 'नेपाल कनेक्शन वाला एक शराबी' इंसान बैठा है। दूसरी ओर, आदित्य ठाकरे पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि उनका दिशा सालियान की मौत से कोई लेना-देना नहीं है और वह उनसे कभी नहीं मिले। वहीं उद्धव ठाकरे ने चेतावनी दी है कि उनके परिवार के खिलाफ चलाए जा रहे चरित्र हनन के अभियान के खिलाफ वे कानूनी कदम उठाएंगे।
गौरतलब है कि सुशांत सिंह राजपूत की पूर्व मैनेजर रहीं दिशा सालियान की जून 2020 में एक इमारत की 12वीं मंजिल से गिरने के कारण मौत हो गई थी। मुंबई पुलिस ने इसे आत्महत्या बताया था, लेकिन बॉम्बे हाईकोर्ट ने हाल ही में मुंबई पुलिस की जांच पर सवाल उठाते हुए इस मामले की जांच सीबीआई को सौंप दी थी। सीबीआई ने बिना किसी को नामजद किए इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
