देश

दिशा सालियान मौत: CBI ने दर्ज कर ली FIR, बॉम्बे हाईकोर्ट ने दिया था आदेश, सुशांत सिंह राजपूत की थी मैनेजर

Disha Salian Case: दिशा सालियान केस में सीबीआई (CBI) ने अपनी जांच आधिकारिक रूप से शुरू कर दी है। आज इस मामले में एफआईआर भी दर्ज कर ली गई है।

Image

दिशा सालियान केस में सीबीआई ने दर्ज की एफआईआर (फोटो- ANI)

Disha Salian Case: दिशा सालियान मौत मामले में सीबीआई (CBI) ने एफआईआर दर्ज कर ली है। बॉम्बे हाईकोर्ट ने दिशा सालियान केस में सीबीआई जांच का आदेश दिया था, जिसके बाद अब सीबीआई आधिकारिक तौर पर जांच में जुट गई है। दिशा सालियान, दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मैनेजर थी, जिनकी 8 जून 2020 को एक इमारत की छत से गिरने के कारण मौत हो गई थी। इसके कुछ दिन बाद सुशांत सिंह राजपूत ने भी आत्महत्या कर ली थी।

कोर्ट ने की थी पुलिस जांच की आलोचना

इस महीने की शुरुआत में बंबई उच्च न्यायालय ने सालियान की मौत की जांच सीबीआई से कराने का आदेश दिया था और छह साल तक प्राथमिकी दर्ज नहीं करने के लिए मुंबई पुलिस को फटकार लगाते हुए कहा था कि उसकी जांच से ’’जवाब मिलने के बजाय और सवाल खड़े होते हैं।’’ पीठ ने छह साल तक मामले को केवल दुर्घटनावश मौत के रूप में देखने के लिए पुलिस की आलोचना की थी और जांच में ’’स्पष्ट विसंगतियों’’ की ओर इशारा किया था।

दो अलग-अलग मौत और दोनों पर संदेह

राजपूत की मैनेजर के रूप में कुछ समय काम कर चुकीं सालियान की आठ जून 2020 को मुंबई के मलाड इलाके में एक आवासीय इमारत की 12वीं मंजिल से गिरने के बाद मौत हो गई थी। मुंबई पुलिस ने मामले में दुर्घटनावश मौत की रिपोर्ट (एडीआर) दर्ज की थी। राजपूत एक सप्ताह बाद 14 जून 2020 को अपने अपार्टमेंट में मृत पाए गए थे, जिसके बाद दोनों की मौत की घटनाओं के बीच संभावित संबंध को लेकर अटकलें लगने लगी थीं।

राजपूत की मौत के बाद मचे हंगामे के बीच महाराष्ट्र सरकार ने मामले की सीबीआई जांच का आदेश दिया था। एजेंसी ने बाद में ’क्लोजर रिपोर्ट’ दाखिल करते हुए कहा था कि राजपूत की मौत आत्महत्या से हुई थी। हालांकि, संबंधित अदालत ने अभी इस रिपोर्ट पर सुनवाई नहीं की है।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article