देश

'क्या गोमूत्र छिड़कने से मुल्क को मिल गई थी आजादी?', उद्धव ने उठाया सवाल; छिने नाम और चिह्न पर दिया यह बयान

  • Produced by: अभिषेक गुप्ता
  • Updated Mar 5, 2023, 09:54 PM IST

ठाकरे ने दो टूक यह भी कहा- निर्वाचन आयोग ने शिवसेना का नाम और चुनाव चिह्न छीन लिया है, लेकिन वे लोग पार्टी को हमसे नहीं छीन सकते हैं।

शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के अध्यक्ष और महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) पर जुबानी हमला बोला है। उन्होंने गोमूत्र का जिक्र छेड़ते हुए पूछा है कि क्या गोमूत्र छिड़कने की वजह से हमारे देश को आजादी मिल गई थी?

ये बातें रविवार (पांच मार्च, 2023) को उन्होंने महाराष्ट्र के रत्नागिरि जिले में हुई एक रैली में कहीं। वह बोले- क्या हमारा देश गोमूत्र छिड़कने के चलते आजाद हुआ है? क्या ऐसा हुआ कि गोमूत्र छिड़का गया हो और हम आजादी पा गए हों? ऐसा नहीं था...स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान की वजह से हमें स्वतंत्रता हासिल हुई थी।

ठाकरे ने अपनी पार्टी से जुड़ी अस्मिता को लेकर पनपे विवाद पर आगे कहा- निर्वाचन आयोग ने शिवसेना का नाम और चुनाव चिह्न छीन लिया है, लेकिन वे लोग पार्टी को हमसे नहीं छीन सकते हैं।

दरअसल, जून 2022 में एकनाथ शिंदे और उनके साथ विधायकों/सांसदों ने शिवसेना का साथ छोड़ दिया था, जिसके चलते ठाकरे के नेतृत्व वाली महा विकास आघाड़ी (एमवीए - शिवसेना, कांग्रेस और एनसीपी का गठजोड़) सरकार गिर गई थी। शिवसेना में विभाजन से जुड़े मामले में सुप्रीम कोर्ट में उद्धव गुट के वकील कपिल सिब्बल हैं।

अभिषेक गुप्ता
अभिषेक गुप्ताauthor

छोटे शहर से, पर सपने बड़े-बड़े. किस्सागो ऐसे जो कहने-बताने और सुनाने को बेताब. कंटेंट क्रिएशन के साथ नजर से खबर पकड़ने में पारंगत और "मीडिया की मंडी" में लगभग आठ साल का अनुभव. न्यूज, सिनेमा, बाइक्स और घूमने में दिलचस्पी.

और पढ़ें
End of Article