देश

Air India Audit: DGCA का एयर इंडिया के मुख्य बेस पर ऑडिट शुरू, जानिए किन-किन चीजों की होगी जांच

टाटा समूह के स्वामित्व वाली एयरलाइन उस समय कड़ी जांच के दायरे में आ गई है, जब उसका लंदन जाने वाला बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर विमान 12 जून को अहमदाबाद में उड़ान भरने के तुरंत बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। इसमें दुर्घटना में 270 लोग मारे गए थे। इनमें 241 लोग यात्री थे।

Image

एयर इंडिया का ऑडिट शुरू (प्रतीकात्मक फोटो)

Photo : AP

नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने सोमवार को गुरुग्राम में एयर इंडिया के मुख्य बेस पर विस्तृत ऑडिट शुरू किया। इसमें संचालन, उड़ान सारिणी, रोस्टर (ड्यूटी) और कई अन्य क्षेत्र शामिल होंगे। एक सूत्र ने यह जानकारी दी है। एयरलाइन कंपनी का मुख्य बेस या हब वह हवाई अड्डा होता है जहां वह अपने विमान और चालक दल को स्थायी रूप से रखती है। टाटा समूह के स्वामित्व वाली एयरलाइन उस समय कड़ी जांच के दायरे में आ गई है, जब उसका लंदन जाने वाला बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर विमान 12 जून को अहमदाबाद में उड़ान भरने के तुरंत बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। इसमें दुर्घटना में 270 लोग मारे गए थे। इनमें 241 लोग यात्री थे।

आठ सदस्यीय टीम कर रही ऑडिट

नागर विमानन महानिदेशालय की आठ सदस्यीय टीम ने एयर इंडिया के मुख्य बेस का वार्षिक अंकेक्षण (ऑडिट) शुरू कर दिया है। सूत्र ने बताया कि आमतौर पर तीन सदस्यों की टीम वार्षिक ऑडिट करती है। सूत्रों ने कहा, ‘‘डीजीसीए ने गुरुग्राम में एयर इंडिया के मुख्य बेस पर ऑडिट शुरू कर दिया है। इस वार्षिक अभ्यास में परिचालन, उड़ान योजना, सारिणी, रोस्टर और आईओसीसी (एकीकृत संचालन नियंत्रण केंद्र) सहित सभी पहलुओं को शामिल किया जाएगा।’’

मुश्किलों में फंसी है एयर इंडिया

ऑडिट अभ्यास ऐसे समय में भी हो रहा है जब नियामक ने बार-बार सुरक्षा चूक के लिए एयर इंडिया के कुछ अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की है। डीजीसीए ने 21 जून को एयरलाइन के उड़ान संचालन निरीक्षकों से 2024 से एयरलाइन के नियोजित और अनियोजित निरीक्षण, ऑडिट, कॉकपिट/मार्ग, स्टेशन सुविधा, रैंप और केबिन निरीक्षण आदि के बारे में विवरण मांगा था। यह संचार नियामक द्वारा एयरलाइन को उड़ान ड्यूटी के समय (एफडीटीएल) में उल्लंघन के लिए कारण बताओ नोटिस जारी करने और कुछ खामियों के लिए एयरलाइन के तीन वरिष्ठ अधिकारियों को उनकी संबंधित भूमिकाओं से हटाने का आदेश देने के एक दिन बाद भेजा गया था।

एक-एक चीज की होगी ऑडिट

इस बीच, डीजीसीए ने विमानन पारिस्थितिकी तंत्र का 360 डिग्री मूल्यांकन करने के लिए व्यापक विशेष ऑडिट के लिए एक नया ढांचा भी तैयार किया है। ये विशेष ऑडिट, वार्षिक निगरानी कार्यक्रम के अनुसार किए जाने वाले विनियामक ऑडिट के अतिरिक्त होंगे।

भाषा की रिपोर्ट

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें