तृणमूल कांग्रेस (TMC) के राज्यसभा सांसद डेरेक ओ'ब्रायन के खिलाफ कोलकाता पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। अभिषेक बनर्जी के कैमैमक स्ट्रीट स्थित कार्यालय की छत से पार्टी का होर्डिंग हटाने को लेकर हुए विवाद के मामले में पुलिस उनके आवास पर पहुंची और उन्हें नोटिस सौंपा है। पुलिस ने डेरेक ओ'ब्रायन को शेक्सपियर सरणी पुलिस स्टेशन में सोमवार सुबह 11 बजे पेश होने के लिए कहा है। उनके अलावा इस मामले में TMC के अन्य नेताओं के खिलाफ भी FIR दर्ज की गई है।
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, 27 अगस्त को कोलकाता नगर निगम (KMC) के अधिकारी पुलिस के साथ कैमैमक स्ट्रीट स्थित अभिषेक बनर्जी के कार्यालय पहुंचे थे। पुलिस और निगम अधिकारियों का कहना था कि इमारत की छत पर लगा होर्डिंग अनधिकृत था और उसे हटाया जाना था।
होर्डिंग हटाने की कार्रवाई के दौरान TMC नेताओं और पुलिस-कर्मियों के बीच विवाद और धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। पुलिस का आरोप है कि कुछ TMC नेताओं और समर्थकों ने निगम अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को अपना काम करने से रोका। इसके बाद पुलिस ने मामले में FIR दर्ज की। रिपोर्टों के मुताबिक, अभिषेक बनर्जी, डेरेक ओ'ब्रायन और TMC के अन्य नेताओं के नाम FIR में शामिल हैं। मामले में 13 लोगों की गिरफ्तारी भी हुई है।
डेरेक ओ'ब्रायन भी विवाद के बीच आए थे सामने
घटना के दौरान डेरेक ओ'ब्रायन मौके पर मौजूद थे। विवाद के बीच वह सीढ़ियों पर गिर भी गए थे। बाद में उन्होंने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया था कि बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों ने TMC कार्यालय में कथित तौर पर प्रवेश किया। वहीं, पुलिस का कहना है कि KMC की ओर से लिखित अनुरोध मिलने के बाद अधिकारियों को होर्डिंग हटाने के लिए सुरक्षा उपलब्ध कराई गई थी।
अभिषेक बनर्जी को भी भेजा गया समन
इस मामले में पुलिस ने TMC के राष्ट्रीय महासचिव और सांसद अभिषेक बनर्जी को भी नोटिस दिया है। उन्हें शेक्सपियर सरणी पुलिस स्टेशन में 1 सितंबर को दोपहर 12 बजे पेश होने के लिए कहा गया है।
मामले में पुलिस की कार्रवाई के बाद TMC और राज्य सरकार के बीच राजनीतिक टकराव और बढ़ने के संकेत हैं। वहीं, पुलिस का कहना है कि सरकारी काम में बाधा डालने और अधिकारियों के साथ कथित तौर पर मारपीट के आरोपों की जांच के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
इस बीच, कैमैमक स्ट्रीट स्थित कार्यालय को लेकर विवाद और गहरा गया है। भवन के मालिक ने भी TMC को परिसर खाली करने के लिए कानूनी नोटिस दिया है और दो मंजिलों के इस्तेमाल को लेकर आपत्ति जताई है।
