क्रिकेट

न्यूजीलैंड दौरे पर अभ्यास के लिए कप्तान शुभमन गिल ने उठाया अनोखा कदम

न्यूजीलैंड के खिलाफ आगामी टेस्ट शृंखला की तैयारी को गंभीरता से ले रहे भारतीय टेस्ट कप्तान शुभमन गिल ने दौरे पर तैयारी के लिए एक बड़ा कदम उठाया है। भारतीय क्रिकेट में यह संभवत: इस तरह का पहला मामला है।

Image

शुभमन गिल (फोटो क्रेडिट BCCI X)

नई दिल्ली: न्यूजीलैंड के खिलाफ आगामी टेस्ट शृंखला की तैयारी को गंभीरता से ले रहे भारतीय टेस्ट कप्तान शुभमन गिल ने दौरे पर अपने खर्चे पर चार से पांच नेट गेंदबाज ले जाएंगे। विदेश दौरों पर भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) भी खिलाड़ियों के अभ्यास के लिए नेट गेंदबाजों की व्यवस्था करता है, लेकिन किसी भारतीय क्रिकेटर की ओर से अपने खर्च पर गेंदबाजों का अलग समूह ले जाने का यह पहला मामला माना जा रहा है।

बीसीसीआई के एक अधिकारी ने गोपनीयता की शर्त पर पीटीआई को बताया, 'गिल न्यूजीलैंड दौरे के लिए 23 या 24 अक्टूबर को रवाना हो सकते हैं। उनके साथ जाने वाले चार से पांच गेंदबाजों के यात्रा और अन्य खर्चों का भुगतान वह स्वयं करेंगे।' व्यस्त कार्यक्रम के कारण गिल न्यूजीलैंड ए के खिलाफ भारत ए के टेस्ट मैचों में हिस्सा नहीं लेंगे। उन्हें एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मुकाबले भी खेलने हैं। ऐसे में वह टेस्ट तैयारियों के लिए अतिरिक्त समय निकालने के उद्देश्य से पहले ही न्यूजीलैंड रवाना होंगे। इससे उन्हें वहां की परिस्थितियों के अनुकूल ढलने और लाल गेंद से अपने खेल को बेहतर बनाने का मौका मिलेगा।

गिल की तकनीक और धैर्य की होगी परीक्षा

गिल के लिए न्यूजीलैंड का दौरा आसान नहीं रहने वाला है। इस साल इंग्लैंड के खिलाफ पांच टेस्ट मैचों की सीरीज में उन्होंने 754 रन बनाए थे। अब न्यूजीलैंड की परिस्थितियों में उनकी तकनीक और धैर्य की परीक्षा होगी। निजी नेट गेंदबाजों के साथ अभ्यास करने से उन्हें अलग-अलग तरह की गेंदबाजी का सामना करने और टेस्ट क्रिकेट के लिए अपनी तैयारियों को मजबूत करने में मदद मिल सकती है।

छत्तीसगढ़ के खिलाफ खेलेंगे रणजी मैच

छब्बीस वर्षीय गिल पंजाब की ओर से रणजी ट्रॉफी के शुरुआती मुकाबले में व्यक्तिगत कारणों से नहीं खेले थे। वह हालांकि छत्तीसगढ़ के खिलाफ 18 अक्टूबर से मुल्लांपुर में शुरू होने वाले पंजाब के दूसरे मैच में वापसी करने वाले हैं। यह मुकाबला न्यूजीलैंड रवाना होने से पहले गिल को लाल गेंद से मैच अभ्यास का अवसर देगा। न्यूजीलैंड में भारतीय टीम की संभावनाओं के लिहाज से गिल की बल्लेबाजी और कप्तानी दोनों अहम होंगी। ऐसे में वह घरेलू क्रिकेट के अनुभव और विशेष नेट अभ्यास के जरिए टेस्ट शृंखला के लिए खुद को तैयार करना चाहते हैं।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article