Jantar Mantar Protest: दिल्ली के जंतर-मंतर पर सीजेपी के प्रदर्शन के दौरान निशु आजाद के पिता के साथ मारपीट के मामले में दिल्ली पुलिस ने शुक्रवार को कार्रवाई करते हुए स्वतंत्र भारद्वाज को हिरासत में लिया। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, दिल्ली पुलिस ने स्वतंत्र भारद्वाज को बुलंदशहर से हिरासत में लिया, जहां से उसे दिल्ली लाया जा रहा है।
यह कार्रवाई ऐसे मौके पर हुई है जब स्वतंत्र भारद्वाज का एक पॉडकास्ट वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें स्वतंत्र भारद्वाज ने निशु आजाद के पिता संजय कुमार पर हमले करने की बात कथित तौर पर स्वीकार की थी। साथ ही, उसने दावा किया था कि कपिल मिश्रा और चिराग पासवान उसके बड़े भाई जैसे हैं।
हालांकि, विवाद गुरुवार को उस वक्त बढ़ गया जब दिल्ली पुलिस ने कहा कि 38-वर्षीय संजय कुमार को हाथापाई के दौरान सिर में साधारण चोट लगी थी। पुलिस ने इस दावे को खारिज कर दिया कि उनकी खोपड़ी की हड्डी टूट गई थी।
सीजेपी के सह-संयोजक सौरव दास और आशुतोष रांका तथा नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद एवं पप्पू यादव के साथ संगठन के सैकड़ों समर्थक स्वतंत्र भारद्वाज के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए शुक्रवार को संसद मार्ग थाने पहुंचे। इसके बाद, निशु आजाद का एक बयान सामने आया जिसमें उन्होंने कहा कि पुलिस ने उन्हें आश्वासन दिया कि स्वतंत्र भारद्वाज को 72 घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
स्वतंत्र भारद्वाज पर मारपीट का आरोप
मामला उस 23 जून, 2026 का है जब जंतर-मंतर पर सीजेपी का प्रदर्शन चल रहा था। उस वक्त संजय कुमार अपनी बेटी निशु के साथ प्रदर्शन में शामिल हुए और अपने फोन से वीडियो बना रहे थे। उसी वक्त एक युवक के साथ झगड़ा हुआ। बताया जा रहा है कि उस वक्त संजय कुमार को 2-3 युवकों ने घेर लिया था और उनके सिर पर हमला किया। इसके बाद, संजय कुमार को उपचार के लिए आरएमएल अस्पताल ले जाया गया।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: अभिषेक बनर्जी के ऑफिस में फायर सेफ्टी की पाई गईं गंभीर खामियां, बेसमेंट और दो अन्य मंजिलें खाली कराने का नोटिस
निशु आजाद ने राहुल गांधी से मांगी मदद
निशु आजाद ने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी से मदद की गुहार लगाते हुए कहा था कि डेढ़ महीने से ज्यादा समय बीत चुका है और पुलिस कुछ नहीं कर रही है। वह हमें पागल बना रही है और हमें मेडिकल के नाम पर घुमा रही है। दिल्ली पुलिस से हमारी उम्मीद पूरी तरह समाप्त हो चुकी है कि वह हमें न्याय दिला पाएगी। निशु आजाद ने आगे कहा, ''अब मुझे उम्मीद है तो राहुल गांधी जी आपसे... मुझे लगता है कि आप मुझे न्याय दिलाने में मदद करेंगे।''
'निशु, घबराने की जरूरत नहीं'
निशु आजाद ने जैसे ही राहुल गांधी से मदद की गुहार लगाई वह सामने आए और उन्होंने 'एक्स' पर ही निशु आजाद की हौसला अफजाई की। राहुल गांधी ने कहा, ''निशु, घबराने की जरूरत नहीं है। मैं तुम्हारे साथ हूं। साफ है कि तुम्हें इसलिए निशाना बनाया गया, क्योंकि तुम अपने समुदाय और छात्रों के हक की आवाज उठाती हो। अमित शाह की दिल्ली पुलिस एक तरफ छात्रों के साथ अमानवीय बर्बरता करती है। दूसरी तरफ एक दलित लड़की के पिता का सिर फोड़ने वाला अपराधी खुलेआम घूम रहा है।''
उन्होंने आगे पीएम मोदी और अमित शाह को घेरते हुए सवाल किया कि ऐसे अपराधी को आपका और आपकी पार्टी के लोगों का संरक्षण क्यों है? अब भी कार्रवाई होगी या किसी को बचाते रहेंगे? निशु, तुम्हारी लड़ाई अकेली नहीं है। हम तब तक नहीं रुकेंगे जब तक न्याय नहीं मिल जाता। जय भीम, जय संविधान।
