Delhi Liquor Shops:राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में जारी छात्र आंदोलन के बीच प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। दिल्ली सरकार ने पुलिस की सलाह पर शहर की सभी शराब की दुकानों को वीकेंड तक रात 8 बजे बंद करने का निर्देश दिया है। सरकारी सूत्रों के अनुसार, जंतर-मंतर पर चल रहे छात्र प्रदर्शन और कानून-व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि दिल्ली पुलिस से मिले इनपुट के आधार पर शराब की दुकानों के संचालन का समय दो घंटे पहले समाप्त करने का निर्णय लिया गया है।
बता दें कि आमतौर पर दिल्ली में शराब की दुकानें रात 10 बजे बंद होती हैं. लेकिन अब वीकेंड तक इन्हें 8 बजे ही बंद करना होगा। दिल्ली सरकार के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि यह फैसला पुलिस की जानकारी के आधार पर लिया गया है। पुलिस ने जंतर मंतर पर चल रहे प्रदर्शन के चलते मौजूदा हालात को लेकर आगाह किया था।
गुरुवार को भी अचानक बंद हुई थीं दुकानें
इससे पहले गुरुवार को भी कई शराब की दुकानें बिना किसी पूर्व सूचना के तय समय से पहले बंद कर दी गई थीं। इससे शराब खरीदने पहुंचे कई लोगों को निराश होकर लौटना पड़ा था। दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के बैनर तले छात्र NEET पेपर लीक मामले को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रदर्शनकारी केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और परीक्षा प्रणाली में व्यापक सुधार की मांग कर रहे हैं। प्रदर्शन के चलते राजधानी के कई हिस्सों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और प्रशासन हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है।
बताते चलें कि नीट पेपर लीक और परीक्षा प्रणाली में सुधार की मांग को लेकर जारी दिल्ली छात्र आंदोलन के बीच CJP और केंद्र सरकार के बीच बातचीत जारी है। CJP ने कहा कि मुआवजे और कानूनी मामलों पर सिद्धांततः सहमति बन गई है, लेकिन उनकी सबसे बड़ी मांग केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर अब तक कोई फैसला नहीं हुआ। पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष रांका ने चेतावनी दी कि यदि सरकार इस मांग पर स्पष्ट निर्णय नहीं लेती है तो बातचीत का कोई मतलब नहीं रहेगा
