देश

जहांगीरपुरी हिंसाः आरोपी अंसार-जाकिर फिर गिरफ्तार, पुलिस बोली- इलाके में बिगाड़ना चाहते थे माहौल

  • Edited by: अभिषेक गुप्ता
  • Updated Nov 6, 2022, 11:55 PM IST

Jahangirpuri Violence: दिल्ली के जहांगीरपुरी इलाके में इसी साल अप्रैल में रामनवमी में जुलूस के दौरान हिंसा भड़क गई थी। मास्टरमाइंड में से एक अंसार को शुक्रवार (चार नवंबर, 2022) को कोर्ट ने जमानत दी थी।

Image

Jahangirpuri Violence केस में अंसार शेख आरोपी है। (फाइल)

Photo : IANS

Jahangirpuri Violence: देश की राजधानी दिल्ली (Delhi) के जहांगीरपुरी (Jahangirpuri) इलाके में हुई हिंसा के मामले में सिटी पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है। इन आरोपियों में मुख्यारोपी अंसार और एक अन्य आरोपी जाकिर शामिल हैं। ये दोनों बेल पर बाहर चल रहे थे। पुलिस को आशंका थी कि यह इलाके में माहौल बिगाड़ना चाहते थे, इसलिए उन्हें धरा गया।

रविवार (छह नवंबर, 2022) को दिल्ली पुलिस (Delhi Police) की ओर से बताया गया कि चार लोगों के खिलाफ ऐहतियाती कदम उठाया गया है। इन चारों लोगों को पुलिस ने जहांगीरपुरी इलाके में शांति व्यवस्था को खतरे में डालने की कोशिश करने को लेकर गिरफ्तार कर लिया। इन लोगों में जहांगीपुरी हिंसा का आरोपी जाकिर और मुख्य आरोपी अंसार शामिल है।

दिल्ली की एक निचली अदालत ने इस हिंसा के मुख्य साजिशकर्ताओं में से एक को शुक्रवार (चार नवंबर, 2022) को यह कहते हुए बेल दे दी थी कि मामले में आरोपपत्र पहले ही दायर किया जा चुका है और सुनवाई पूरी होने में काफी समय लगेगा।

मोहम्मद अंसार की जमानत याचिका पर सुनवाई करते हुए अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश सतीश कुमार ने कहा था, "आरोपी मोहम्मद अंसार की जमानत याचिका इस अदालत की संतुष्टि के लिए 25,000 रुपये के जमानती बॉण्ड और इतनी ही राशि के निजी मुचलके की शर्त के साथ स्वीकार की जाती है।"

कोर्ट ने कहा था कि आरोपी के संबंध में जांच पूरी हो चुकी है और आरोपपत्र पहले ही दायर किया जा चुका है। सुनवाई पूरी होने में लंबा समय लगेगा और आरोपी को न्यायिक हिरासत में रखने से कोई मकसद पूरा नहीं होगा। जज ने यह भी कहा कि मामले के कुछ सह-आरोपियों को इस अदालत के साथ-साथ दिल्ली उच्च न्यायालय ने भी जमानत दे दी है।

दरअसल, इस साल 16 अप्रैल को जहांगीरपुरी में दो समुदायों के बीच झड़प हो गई थी और इस दौरान कई वाहनों को आग के हवाले कर दिया गया था। इस हिंसा में स्थानीय लोगों के अलावा कई पुलिस कर्मी भी घायल हुए थे।

अभिषेक गुप्ता
अभिषेक गुप्ताauthor

छोटे शहर से, पर सपने बड़े-बड़े. किस्सागो ऐसे जो कहने-बताने और सुनाने को बेताब. कंटेंट क्रिएशन के साथ नजर से खबर पकड़ने में पारंगत और "मीडिया की मंडी" में लगभग आठ साल का अनुभव. न्यूज, सिनेमा, बाइक्स और घूमने में दिलचस्पी.

और पढ़ें
End of Article