Thalapathy Vijay: तमिलनाडु में अब तक नई सरकार के गठन को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है। टीवीके सबसे बड़ी पार्टी बनकर जरूर सामने आई है, लेकिन बहुमत के आंकड़े से करीब 10 सीट दूर होने के कारण सत्ता तक पहुंचने में उसे मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। अन्य दलों की ओर से अभी तक खुलकर समर्थन न मिलने से सरकार बनाने की प्रक्रिया अटकी हुई है। इसी वजह से शनिवार को संभावित थलपति विजय (Thalapathy Vijay) के शपथ ग्रहण कार्यक्रम को भी रद्द कर दिया गया। वहीं, राज्य में राजनीतिक अनिश्चितता के बीच विजय समर्थकों में नाराजगी बढ़ती नजर आ रही है। शनिवार को एक समर्थक द्वारा आत्मदाह की कोशिश किए जाने की खबर सामने आई। गंभीर रूप से झुलसने के बाद उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया।
फैन में निराशा का भाव
दरअसल, तमिलनाडु में सरकार गठन में जारी देरी के बीच टीवीके प्रमुख सी. जोसेफ विजय (C. Joseph Vijay) के एक समर्थक ने कथित तौर पर आत्मदाह करने की कोशिश की। करीब 40 वर्षीय इसक्कियप्पन इस घटना में गंभीर रूप से झुलस गए, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि विजय के मुख्यमंत्री पद की शपथ में हो रही देरी से वह काफी निराश और भावुक थे। जानकारी के अनुसार, इससे पहले भी इसक्कियप्पन ने विजय के मुख्यमंत्री बनने की इच्छा जताते हुए चार महीने पहले अपने चेहरे के आर-पार 16 फीट लंबा ‘वेल’ (भाला) डलवाया था।
समर्थकों से शांति बनाए रखने की अपील
तमिलनाडु में सरकार गठन को लेकर जारी राजनीतिक तनाव के बीच तमिलिसाई सौंदराराजन ने टीवीके प्रमुख थलपति विजय से अपने समर्थकों से शांति बनाए रखने की अपील करने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि राज्य के लोग नई सरकार के गठन को लेकर काफी भावनात्मक रूप से जुड़े हुए हैं और सभी चाहते हैं कि प्रदेश में एक स्थिर सरकार बने। तमिलिसाई ने यह भी कहा कि जनता के जनादेश का पूरा सम्मान किया जा रहा है, इसलिए सरकार गठन की प्रक्रिया को लेकर लगातार अवसर दिए जा रहे हैं।
समर्थकों और वोटरों के नाम संदेश जारी करें विजय
उन्होंने मौजूदा हालात पर चिंता जताते हुए कहा कि राजनीतिक माहौल के कारण कई कार्यकर्ता भावुक होकर प्रतिक्रिया दे रहे हैं, जो गंभीर चिंता का विषय है। उनके मुताबिक, वीसीके कार्यालय के बाहर एक युवक पर ब्लेड से हमला किया गया, जबकि वल्लियूर में एक अन्य युवक ने आत्मदाह करने की कोशिश की, जिसकी हालत नाजुक बनी हुई है। तमिलिसाई ने थलपति विजय से अपील की कि वह जल्द अपने समर्थकों और वोटरों के नाम संदेश जारी करें और सभी से शांति बनाए रखने तथा किसी भी तरह के खतरनाक कदम से दूर रहने की अपील करें।
