देश

थलापति विजय की पार्टी पर फर्जी समर्थन पत्र इस्तेमाल करने का आरोप, पुलिस में शिकायत दर्ज; TVK ने वीडियो जारी कर दी सफाई

TVK Fake Support Letter: तमिलनाडु में एएमएमके ने टीवीके पर सरकार गठन के लिए फर्जी समर्थन पत्र इस्तेमाल करने का आरोप लगाया है। टीटीवी दिनाकरन ने गिंडी पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जबकि टीवीके ने इन आरोपों को पूरी तरह झूठ बताया है।

Image

TVK पर फर्जी समर्थन पत्र इस्तेमाल करने का आरोप (Photo: AI Generated)

TVK Fake Support Letter: तमिलनाडु की राजनीति में सरकार गठन को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। अम्मा मक्कल मुनेत्र कषगम (AMMK) ने विजय (Thalapathy Vijay) की पार्टी तमिलगा वेत्री कषगम (TVK) पर फर्जी समर्थन पत्र इस्तेमाल करने का आरोप लगाया है। इस मामले में AMMK ने चेन्नई के गिंडी पुलिस स्टेशन में शिकायत भी दर्ज कराई है। पुलिस के मुताबिक, AMMK महासचिव टी. टी. वी. दिनाकरन (T. T. V. Dhinakaran) की ओर से एक अर्जी दी गई है। हालांकि, अभी तक इस मामले में कोई एफआईआर दर्ज नहीं हुई है। पुलिस फिलहाल शिकायत की शुरुआती जांच कर रही है।

राज्यपाल को फर्जी समर्थन पत्र सौंपने का आरोप

यह मामला तब सामने आया जब दिनाकरन देर रात गिंडी रेंज के सहायक पुलिस आयुक्त के कार्यालय पहुंचे। उन्होंने आरोप लगाया कि TVK ने राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर (Rajendra Vishwanath Arlekar) को एक फर्जी समर्थन पत्र सौंपा। इस पत्र में दावा किया गया था कि मन्नारगुडी से AMMK विधायक एस. कामराज ने TVK सरकार को समर्थन दिया है। दिनाकरन का कहना है कि यह दस्तावेज पूरी तरह फर्जी है। उन्होंने आरोप लगाया कि TVK ने सरकार बनाने के लिए गलत तरीके अपनाए और दलबदल विरोधी कानून से बचने की कोशिश की। उन्होंने यह भी कहा कि विधायक एस. कामराज खुद इस दस्तावेज को देखकर हैरान रह गए।

TVK ने आरोपों को बताया पूरी तरह गलत

वहीं, TVK ने इन आरोपों को पूरी तरह गलत बताया है। पार्टी ने सफाई देते हुए एक वीडियो जारी किया है। इस वीडियो में विधायक कामराज कथित तौर पर अपनी मर्जी से समर्थन पत्र पर हस्ताक्षर करते दिखाई दे रहे हैं। TVK का कहना है कि विपक्षी दल राजनीतिक कारणों से झूठे आरोप लगा रहे हैं। इस बीच तमिलनाडु की राजनीति में TVK को समर्थन मिलने का सिलसिला भी जारी है। खबर है कि विदुथलाई चिरुथैगल काची (VCK) जल्द ही TVK को औपचारिक समर्थन देने की घोषणा कर सकती है। VCK प्रमुख थोल. थिरुमावलवन (Thol. Thirumavalavan) पहले ही संकेत दे चुके हैं कि उनकी पार्टी वाम दलों के फैसले के अनुसार कदम उठाएगी। वामपंथी दल पहले ही TVK को समर्थन देने का ऐलान कर चुके हैं। TVK नेताओं का दावा है कि विजय जल्द ही तमिलनाडु के मुख्यमंत्री बन सकते हैं।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article