उत्तर प्रदेश में SIR की समय सीमा बढ़ी, अब 6 जनवरी को प्रकाशित होगा ड्राफ्ट रोल
- Authored by: गौरव श्रीवास्तव
- Updated Dec 30, 2025, 05:24 PM IST
SIR in UP: उत्तर प्रदेश में SIR की समय सीमा बढ़ा दी गई है, ताजा अपडेट के मुताबिक अब 6 जनवरी को ड्राफ्ट रोल प्रकाशित होगा।
उत्तर प्रदेश में SIR की समय सीमा बढ़ी (फाइल फोटो: canva)
उत्तर प्रदेश में SIR की समय सीमा बढ़ा दी गई है, ताजा अपडेट के मुताबिक अब 6 जनवरी को ड्राफ्ट रोल प्रकाशित होगा।जिन मतदाताओं के नाम ड्राफ्ट रोल में छूट जाएंगे, या उसमें किसी तरह के सुधार की जरूरत है वह 6 जनवरी से 6 फरवरी तक दावे और आपत्तियां दर्ज कर सकते हैं वहीं उत्तर प्रदेश के लिए अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 6 मार्च को होगा।
भारत निर्वाचन आयोग द्वारा अर्हता तिथि 1 जनवरी, 2026 के आधार पर प्रदेश में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की घोषित तिथियों में संशोधन करते हुए नई तिथियां जारी कर दी गई है।
संशोधित तिथियों के अनुसार अब मतदाता सूची का आलेख्य प्रकाशन 6 जनवरी, 2026 को किया जाएगा। दावे और आपत्तियां प्राप्त करने की अवधि 6 जनवरी से 6 फरवरी, 2026 तक निर्धारित की गई है। 6 जनवरी से 27 फरवरी 2026 तक नोटिस चरण, गणना प्रपत्रों पर निर्णय और दावे एवं आपत्तियों का निस्तारण किया जाएगा। उत्तर प्रदेश की मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 6 मार्च, 2026 को किया जाएगा।
SIR प्रक्रिया को पूरा करने की पहली समय सीमा 4 दिसंबर थी
बता दें कि SIR प्रक्रिया को पूरा करने की पहली समय सीमा 4 दिसंबर थी, लेकिन इसे दो बार बढ़ाया गया। इससे पहले जो जानकारी सामने आई थी उसके मुताबिक SIR अभियान में कुल 15.44 करोड़ मतदाताओं में से 2.89 करोड़ के नाम कटने अब तय हैं। यह कुल मतदाताओं का 18.70 प्रतिशत है। जिन जिलों में सबसे अधिक नाम कट रहे हैं उनमें लखनऊ, गाजियाबाद, प्रयागराज, कानपुर, आगरा व बरेली जैसे जिले शामिल हैं। मतदाता सूची में दर्ज 1.11 करोड़ मतदाताओं के रिकार्ड नहीं मिल रहे। वर्ष 2003 की मतदाता सूची में न तो इनके और न ही इनके माता-पिता या दादा-दादी के नाम मिले हैं।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।