देश

'बांग्लादेशी घुसपैठियों को वोट बैंक मानती है कांग्रेस', शाह ने कसा तंज, कहा-हम पहचान करा कर सबको बाहर करेंगे

अमित शाह ने कहा कि श्रीमंत शंकरदेव ने ‘एक भारत’का संदेश दिया था और प्रधानमंत्री मोदी उसी विचारधारा को आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि पिछले 11 वर्षों में असम में कई उग्रवादी संगठनों के साथ शांति समझौते किए गए हैं,जिनके 92 प्रतिशत प्रावधानों को लागू किया जा चुका है।

Image

अमित शाह ने बोला कांग्रेस पर हमला (Image Source: PTI)

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने असम दौरे के दौरान कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने नगांव जिले में एक जनसभा को संबोधित करते हुए आरोप लगाया कि देश की सबसे पुरानी पार्टी बांग्लादेशी घुसपैठियों को अपना वोट बैंक मानती है। उसने असम की संस्कृति,जमीन और पहचान को खतरे में डाल दिया है। गृहमंत्री शाह कहा कि केंद्र सरकार न केवल असम बल्कि पूरे भारत में सभी अवैध बांग्लादेशी घुसपैठियों की पहचान कर उन्हें देश से बाहर करेगी।

अमित शाह ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में असमिया लोगों की सांस्कृतिक पहचान की रक्षा के साथ-साथ राज्य के समग्र विकास पर भी ठोस काम हुआ है।

227 करोड़ की परियोजना का उद्घाटन

यहां गृह मंत्री ने वैष्णव संत श्रीमंत शंकरदेव के जन्मस्थान बतद्रवा थान की 227 करोड़ रुपये की पुनर्विकास परियोजना का उद्घाटन भी किया। उन्होंने इसे ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि यह स्थल अब अतिक्रमण से मुक्त हो चुका है। इस दौरान शाह ने मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने अब तक एक लाख बीघा से अधिक भूमि को बांग्लादेशी घुसपैठियों से मुक्त कराया है। उन्होंने जनता से अपील की कि असम को पूरी तरह घुसपैठियों से मुक्त करने के लिए भाजपा को पांच साल और दिए जाएं।

'एक भारत'के विचार को आगे बढ़ा रहे प्रधानमंत्री मोदी

इस दौरान अमित शाह ने कहा कि श्रीमंत शंकरदेव ने ‘एक भारत’का संदेश दिया था और प्रधानमंत्री मोदी उसी विचारधारा को आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि पिछले 11 वर्षों में असम में कई उग्रवादी संगठनों के साथ शांति समझौते किए गए हैं,जिनके 92 प्रतिशत प्रावधानों को लागू किया जा चुका है।

गुवाहाटी में पूर्वोत्तर के सबसे बड़े सभागार का उद्घाटन

अपने दौरे के दौरान अमित शाह ने गुवाहाटी में 'ज्योति-बिष्णु अंतर्जातिक कला मंदिर'का भी उद्घाटन किया। इसे पूर्वोत्तर का सबसे बड़ा सभागार बताया जा रहा है। 291 करोड़ रुपये की लागत से बने इस सभागार में 5,000 दर्शकों के बैठने की क्षमता है। यह 45 बीघा भूमि में फैले परिसर का हिस्सा है,जिसमें कन्वेंशन सेंटर,वीआईपी सुइट,मल्टी-लेवल पार्किंग और आधुनिक ऑडियो-विजुअल सिस्टम मौजूद हैं।

मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने बताया कि यह पूरा परिसर हरित ऊर्जा से संचालित होगा और छत पर सोलर पैनल लगाए गए हैं। कार्यक्रम के दौरान जन्मजात हृदय रोग योजना के 1,000 लाभार्थियों को भी सम्मानित किया गया।

गुवाहाटी पुलिस के नए भवन और हाईटेक निगरानी सिस्टम का उद्घाटन

गृह मंत्री ने गुवाहाटी पुलिस आयुक्त कार्यालय के नए आठ मंजिला भवन और शहर में लगाए गए 2,000 सीसीटीवी कैमरों वाली निगरानी प्रणाली का भी उद्घाटन किया। इसे 111 करोड़ रुपये की लागत से बनाया गया है। इस भवन में गुवाहाटी पुलिस की सभी शाखाएं एक ही छत के नीचे काम करेंगी।

इसके साथ ही 181 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इंटेलिजेंस सिटी सर्विलांस सिस्टम (ICSS)शुरू किया गया,जिसमें एकीकृत कमांड और नियंत्रण केंद्र (ICCC) स्थापित किया गया है। इससे शहर की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है। असम पुलिस की सीआईडी ने नए आपराधिक कानूनों को लेकर जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से ‘नवीन न्याय संहिता प्रदर्शनी’का भी आयोजन किया।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article