Cyclone Biparjoy Updated News: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने शनिवार को कहा कि अगले 12 घंटों में बहुत गंभीर चक्रवात 'बिपरजॉय' (Cyclone Biparjoy) के अति गंभीर चक्रवाती तूफान में बदलने की आशंका है, लेकिन इसके गुजरात तट से टकराने का अनुमान नहीं है। चक्रवात के पोरबंदर तट से 200-300 किलोमीटर की दूरी से गुजरने का अनुमान है, लेकिन अगले पांच दिनों के दौरान गुजरात में आंधी और तेज हवाएं चलने की संभावना है।
अपने नवीनतम पूर्वानुमान में, आईएमडी ने कहा कि बहुत गंभीर चक्रवाती तूफान 'बिपरजॉय' के अगले 12 घंटों के दौरान एक अत्यंत गंभीर चक्रवाती तूफान में बदलने की आशंका है। उन्होंने कहा कि अगले तीन दिन के दौरान उत्तर-उत्तरपश्चिम की ओर बढ़ने से पहले इसके धीरे-धीरे उत्तर-उत्तरपूर्व की ओर बढ़ने का अनुमान है।
'चक्रवाती तूफान वर्तमान में पोरबंदर से 600 किमी दूर है'
अहमदाबाद (भारत मौसम विज्ञान विभाग) केंद्र की निदेशक मनोरमा मोहंती ने कहा, 'चक्रवाती तूफान वर्तमान में पोरबंदर से 600 किमी दूर है। जैसे-जैसे यह आगे बढ़ेगा, बंदरगाह संकेत चेतावनी इसके अनुसार बदल जायेगी। इस समय चक्रवात के पोरबंदर से 200-300 किमी और नलिया (कच्छ) से 200 किमी की दूरी से गुजरने का अनुमान है। जहां तक मौजूदा पूर्वानुमान का संबंध है, इसके गुजरात तट से टकराने की आशंका नहीं है।'
मछुआरों को अगले पांच दिन के दौरान अरब सागर में न जाने की चेतावनी
उन्होंने कहा कि मछुआरों को अगले पांच दिन के दौरान अरब सागर में न जाने की चेतावनी दी गई है और मछली पकड़ने की सभी गतिविधियों को स्थगित कर दिया गया है।अधिकारियों ने राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) के दलों को पोरबंदर, गिर सोमनाथ और वलसाड जिलों में भेज दिया है।भारतीय तटरक्षक बल ने गुजरात, दमन और दीव के मछुआरा समुदाय और नाविकों को जरूरी सावधानी बरतने और सुरक्षा उपाय करने की सलाह दी है।
अति भीषण चक्रवाती तूफान 'बिपरजॉय' धीरे-धीरे उत्तर दिशा की ओर आगे बढ़ रहा है
मौ विभाग के अनुसार चक्रवात 'बिपरजॉय' के कारण अगले सप्ताह राजस्थान के कुछ हिस्सों में बारिश हो सकती है।मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार अति भीषण चक्रवाती तूफान 'बिपरजॉय' धीरे-धीरे उत्तर दिशा की ओर आगे बढ़ रहा है। इसके 16 जून को सुबह के समय तीव्र चक्रवाती तूफान के रूप पाकिस्तान तट की ओर पहुंचने की प्रबल संभावना है। इसके अनुसार उपरोक्त तंत्र के प्रभाव से 14-15 जून को राज्य के दक्षिणी और पश्चिमी भागों में बारिश की गतिविधियां दर्ज होने की संभावना है।
जोधपुर व उदयपुर संभाग में गरज के साथ बारिश होने की संभावना
इस दौरान जोधपुर व उदयपुर संभाग के जिलों में मेघगर्जन के साथ बारिश होने की संभावना है।मौसम केंद्र के मुताबिक 16-17 मई को राज्य में आंधी बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने की संभावना है। इस बीच शनिवार को राज्य के गंगानगर, हनुमानगढ़ व चुरू जिलों में कहीं कहीं बारिश के बीच राज्य में गर्मी का प्रकोप जारी रहा। राजधानी जयपुर में अधिकतम तापमान 39.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
