देश

Corona Update: केरल में कोविड के 111 नए मामले आए सामने, एक की मौत, केंद्र ने राज्यों को किया सतर्क

  • Edited by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Dec 18, 2023, 10:58 PM IST

Corona Update: केरल में सोमवार को कोविड-19 के 111 नए मामले आने के बाद कुल उपचाराधीन मरीजों की संख्या बढ़कर 1,634 हो गई है। आंकड़ों के मुताबिक देश में कोरोना वायरस संक्रमण के कुल 127 मामले आए हैं जिनमें से अकेले 111 मामले केरल के हैं।

Image

भारत में बढ़ रहा कोरोना का कहर (प्रतीकात्मक फोटो- Pixabay)

Corona Update: भारत में कोरोना एक बार फिर से अपना प्रकोप बढ़ाने लगा है। केरल में इसका सबसे अधिक प्रभाव देखने को मिल रहा है। यही कारण है कि केरल के पड़ोसी राज्य कोरोना के खतरे को देखते हुए सतर्कता बरत रहे हैं तो वहीं केंद्र सरकार ने भी इसे लेकर राज्यों को सतर्क कर दिया है।

केरल में कोरोना

केरल में सोमवार को कोविड-19 के 111 नए मामले आने के बाद कुल उपचाराधीन मरीजों की संख्या बढ़कर 1,634 हो गई है। आंकड़ों के मुताबिक देश में कोरोना वायरस संक्रमण के कुल 127 मामले आए हैं जिनमें से अकेले 111 मामले केरल के हैं। केरल में गत 24 घंटे के दौरान कोविड-19 से एक मरीज की मौत हो गई। इसी के साथ गत तीन साल में कोरोना वायरस से राज्य में मरने वालों की कुल संख्या बढ़कर 72,053 हो गई।

राज्यों को किया सतर्क

केंद्र ने सोमवार को राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों से देश में कोविड-19 के मामलों में वृद्धि और जेएन.1 स्वरूप का पहला मामला सामने आने के बीच निरंतर निगरानी बनाए रखने को कहा। केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव सुधांश पंत ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को लिखे एक पत्र में रेखांकित किया कि केंद्र और राज्य सरकारों के बीच लगातार और सहयोगात्मक कार्यों के कारण हम (कोविड-19 के) मामलों की संख्या कम करने में सक्षम हुए। उन्होंने कहा- "हालांकि, कोविड-19 वायरस का प्रकोप जारी है। इसलिए सार्वजनिक स्वास्थ्य चुनौतियों से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए गति को बनाए रखना महत्वपूर्ण है।"

केंद्र को सलाह

अपने पत्र में, पंत ने आरटी-पीसीआर जांच की संख्या बढ़ाने और भारतीय सार्स सीओवी-2 जीनोमिक्स कंसोर्टियम (इनसाकॉग) प्रयोगशालाओं में जीनोम अनुक्रमण के लिए संक्रमित पाए गए नमूने भेजने की आवश्यकता पर भी जोर दिया, ताकि देश में नए स्वरूप का समय पर पता लगाया जा सके। भारत में जेएन.1 (बीए.2.86.1.1) का पहला मामला आने का उल्लेख करते हुए पंत ने इस स्वरूप के बारे में विवरण भी मुहैया कराया। विवरण में कहा गया है कि जेएन.1 (बीए.2.86.1.1) 2023 के अंत में उभरा और यह सार्स सीओवी-2 के बीए.2.86 (पिरोला) समूह से संबंधित है। इसमें कहा गया है कि अमेरिका, चीन, सिंगापुर और भारत में जेएन.1 स्वरूप के मामले आए हैं। चीन से उप स्वरूप के सात मामले सामने आए हैं। अन्य देशों में इसकी मौजूदगी की पुष्टि के लिए ज्यादा आनुवंशिक अनुक्रमण डेटा की आवश्यकता है।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article